रायपुर जिले के खरोरा स्थित किंग ढाबा के सामने खूनी खेल, मोबाइल लूट का विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या; KTM सवार बदमाशों की तलाश जारी

 रायपुर जिले के खरोरा स्थित किंग ढाबा के सामने खूनी खेल, मोबाइल लूट का विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या; KTM सवार बदमाशों की तलाश जारी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

रायपुर जिले के खरोरा स्थित किंग ढाबा के सामने खूनी खेल, मोबाइल लूट का विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या; KTM सवार बदमाशों की तलाश जारी

रायपुर/खरोरा: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में बीती रात अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खरोरा–रायपुर मेन रोड पर स्थित ‘किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट’ के सामने तीन अज्ञात बदमाशों ने लूट की नीयत से एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

रास्ता पूछने के बहाने आए और शुरू की लूटपाट

जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे की है। मृतक शिवकुमार साहू अपने 11 दोस्तों के साथ किंग ढाबा में पार्टी करने आया था। शिवकुमार और उसके साथी सिलतरा आबकारी वेयरहाउस में काम करते थे।

घटना के वक्त शिवकुमार अपने दो अन्य दोस्तों के साथ ढाबे के बाहर बैठा था, तभी ऑरेंज रंग की KTM मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले शिवकुमार से बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा और फिर अचानक चाकू निकालकर मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की।

विरोध करने पर सीने में उतारा चाकू

जैसे ही शिवकुमार ने मोबाइल छीने जाने का विरोध किया, बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने शिवकुमार के सीने पर चाकू से गहरा वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका, नाकेबंदी शुरू

हत्या की खबर मिलते ही रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी ग्रामीण, एएसपी क्राइम और एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह समेत क्राइम ब्रांच और एफएसएल (FSL) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।

वर्तमान स्थिति:

पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए ढाबे और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

रायपुर और पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है।

संदेही KTM बाइक सवार युवकों की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

खरोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।