मुख्यमंत्री साय ने प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को दी संवेदनशील और सतर्क रहने की सलाह
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**************************
मुख्यमंत्री साय ने प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को दी संवेदनशील और सतर्क रहने की सलाह
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्य की प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में सेवा देते समय विशेष रूप से सतर्क रहते हुए त्वरित, जिम्मेदार और संवेदनशील तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
साय ने सभी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उन्हें राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर आईजी अजय यादव, एसपी अभिषेक पल्लव, एएसपी पंकज शुक्ला के साथ-साथ प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आदित्य कुमार, श्रीमती अंशिका जैन, प्रतिक दादा साहेब और श्रीमती मानषी भी उपस्थित थे।








