धान खरीदी केंद्रों और चेक पोस्ट का निरीक्षण: महासमुंद कलेक्टर ने दिए पारदर्शिता के निर्देश

 धान खरीदी केंद्रों और चेक पोस्ट का निरीक्षण: महासमुंद कलेक्टर ने दिए पारदर्शिता के निर्देश

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

**************************

धान खरीदी केंद्रों और चेक पोस्ट का निरीक्षण: महासमुंद कलेक्टर ने दिए पारदर्शिता के निर्देश

महासमुंद,महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जिले के बिरकोनी और सरायपाली विकासखंडों में स्थित विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों और अंतरराज्यीय चेक पोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने किसानों और अधिकारियों के साथ संवाद किया, धान खरीदी की प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

कलेक्टर लंगेह ने जंगलबेड़ा, सिरबोड़ा, कुसमीसरार और तोरेसिंहा के धान खरीदी केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने सीधे किसानों से उनके द्वारा लाए गए धान की मात्रा, उत्पादन और किसी भी समस्या के बारे में पूछताछ की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की नमी की जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि अधिक नमी वाले धान को स्वीकार न किया जाए और 100 प्रतिशत गेट पास एंट्री अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।

इस अवसर पर, कलेक्टर ने खरीदी गई धान की कुल मात्रा और जारी किए गए बारदानों का भौतिक सत्यापन भी करवाया। उन्होंने किसानों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने पर जोर दिया, जिसके तहत केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, छायादार स्थान और त्रुटिरहित खरीदी के लिए सही वजन वाले कांटा-बांट या इलेक्ट्रॉनिक कांटे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बुनियादी ढांचे की समीक्षा करते हुए, उन्होंने कैप कवर, बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में हमाल उपलब्ध हों, खरीदी गई धान की प्रतिदिन व्यवस्थित स्टैकिंग की जाए और प्रत्येक बोरे पर अनिवार्य रूप से स्टेंसिल लगाया जाए।

कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और किसानों के हित में संचालित होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।