बसव राजू के बाद अब सुरक्षा बल के निशाने पर 15 शीर्ष माओवादी

 बसव राजू के बाद अब सुरक्षा बल के निशाने पर 15 शीर्ष माओवादी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

“”””””””””””””””””””””””””””””‘””””””””””””””

बसव राजू के मारे जाने के बाद अगली पीढ़ी के मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति-सचिव सेंट्रल रिजनल ब्यूरो (सीआरबी) व थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी सेंट्रल मिलिट्री कमेटी (सीएमसी) में से किसी को यह दायित्व देने की बात कही जा रही है। इन दोनों माओवादी सहित मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर प्रभारी ईआरबी (इस्टर्न रिजनल ब्यूरो) मिलिट्री व ईआरबी प्रभारी भी इस सूची में शामिल है।

सुरक्षा एजेंसी के अनुसार बस्तर में छिपे बैठे हैं शीर्ष माओवादी।

इनमें गणपति, भूपति, देवजी व हिड़मा सहित नौ शामिल हैं।

ये सभी इन दिनों बस्तर के घने जंगलों में डेरा डाले हुए हैं।

 

जगदलपुर। प्रदेश में 30 मार्च 2026 तक माओवादियों के समूल सफाये को लेकर चलाए जा रहे अभियान में बीते सप्ताह अबूझमाड़ के जंगलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के प्रमुख बसव राजू को मार गिराने के बाद अब सुरक्षा बल के निशाने पर 8.40 करोड़ रुपये के इनामी 15 शीर्ष माओवादी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि इनमें से नौ माओवादी इन दिनों बस्तर के जंगलों में डेरा डाले हुए हैं। सुरक्षा बल का दावा है कि इन सभी माओवादियों के ठिकाने और गतिविधियों के बारे में पक्की जानकारी है। यदि वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में नहीं लौटते हैं तो शीघ्र ही एक-एक कर सभी को ढेर कर दिया जाएगा।

 

सुरक्षा बलों की सूची में पहले चार बड़े नाम पोलित ब्यूरो व सेंट्रल कमेटी सदस्य के हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम एक करोड़ रुपये का इनामी मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति का है। 74 वर्षीय गणपति, बसव राजू के पहले माओवादी संगठन का प्रमुख रह चुका है। अब वह माओवादियों की केंद्रीय समिति का सलाहकार है। उसने वर्ष 2018 में बीमारी के कारण माओवादी प्रमुख का पद छोड़ दिया था, जिसके बाद बसव राजू को प्रमुख बनाया गया था।

 

 

 

सुरक्षा बलों का दावा-बसव राजू जैसा करेंगे हश्र

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार बस्तर के जंगल में नौ शीर्ष माओवादी की उपस्थिति की जानकारी है। ये सभी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में नहीं लौटते तो सुरक्षा बलों का दावा है कि इनका भी हश्र बसव राजू जैसा ही होगा। बस्तर को ठिकाना बनाए हुए माओवादी में गणपति, भूपति, देवजी के अलावा डीकेएसजेडसी (दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी) का सचिव व प्रभारी एमएमसी जोन (महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) के. रामचंद्र रेड्डी उर्फ गुडसा उसेंडी, कादरी सत्यनारायण रेड्डी उर्फ कोसा-डीकेएसजेडसी सचिवालय प्रभारी, पुल्लरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना-सचिव तेलंगाना स्टेट कमेटी, सुजाता उर्फ कल्पना-सचिव दक्षिण बस्तर ब्यूरो डीएकेएमएस (दंडकारण्य आदिवासी किसान-मजदूर संगठन), बंटू लक्ष्मी उर्फ नरसिम्हा चालम व माड़वी हिड़मा-दक्षिण सबजोनल ब्यूरो सैनिक व सांगठनिक शामिल हैं।

 

बसव राजू ने जिन्हें सिखाया था हिंसा का पाठ, वही बने उसकी मौत का कारण

 

 

 

डेढ़ वर्ष में 448 मारे गए, जिनमें कई शीर्ष माओवादी

 

प्रदेश में डबल इंजन सरकार आने के बाद से पिछले 16 माह में माओवादियों के विरुद्ध प्रहार तेज हुआ है। अब तक 200 से अधिक मुठभेड़ में 420 माओवादियों के शव सुरक्षा बलों को मिले हैं, जबकि माओवादियों की स्वीकारोक्ति को मिलाकर 448 माओवादी मारे जा चुके हैं।

 

इनमें माओवादी प्रमुख बसव राजू, शंकर जैसे कई शीर्ष माओवादी शामिल हैं। सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारी के अनुसार अब बस्तर में केवल 300 के लगभग ही सशस्त्र माओवादी बाकी रह गए हैं, जिनमें शीर्ष माओवादियों की संख्या लगभग 25 है।

 

1402 माओवादी गिरफ्तार और 1367 ने समर्पण किया है। स्पष्ट है कि बस्तर में स्थापित किए गए 200 से अधिक अग्रिम परिचालन शिविरों (एफओबी) से सुरक्षा बलों की पहुंच अब माओवादी ठिकानों तक हो पाई है।

 

तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ी से लेकर अबूझमाड़ के अबूझ क्षेत्र तक सुरक्षा बल अब घुसकर माओवादी ठिकानों पर प्रहार कर रही है। लगातार आत्मसमर्पण और गिरफ्तारी से भी माओवादियों की नींव कमजोर हुई है।

 

खूंखार माओवादी कमांडर बसव राजू को मारने वाले जवानों ने मनाया जश्न, बरतसे पानी में जमकर नाचे

 

 

माओवादियों के सामने अब आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी ही एकमात्र रास्ता रह गया है। आत्मसमर्पित माओवादियों को पुनर्वास नीति अनुसार लाभ दिया जाएगा। सुरक्षा बल क्षेत्र व आम जनता की सुरक्षा के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। अब अगले कुछ माह में शीर्ष माओवादियों को निशाना बनाकर अभियान चलाया जाएगा। माओवादी हथियार नहीं छोड़ेंगे तो उनका हश्र बसव राजू की तरह ही हाेगा।

 

-सुंदरराज पी., आइजीपी बस्तर

 

 

पोलित ब्यूरो व सेंट्रल कमेटी सदस्य-एक करोड़ के इनामी

1. मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति उर्फ, उम्र 74 वर्ष, जाति -वेलमा,

 

 

निवासी: वीरपुर, जिला-करीमनगर, तेलंगाना। शिक्षा: बीएससी, बीईडी

पद: सलाहकार सेंट्रल कमेटी, हथियार-एके-47

2. मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति उर्फ अभय, उम्र 69 वर्ष, जाति-तेलुगु ब्राह्मण

 

 

निवासी: पेद्दापल्ली, करीमनगर, तेलंगाना- शिक्षा: बी. काम

पद: सचिव सीआरबी (सेंट्रल रिजनल ब्यूरो), प्रवक्ता भाकपा माओवादी

3. थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी, उम्र 61 वर्ष, जाति: हरिजन (मादीगा)

 

 

निवासी: आंबेडकर नगर, कोरूतुला, जिला-करीमनगर, तेलंगाना

शिक्षा: हायर सेकंडरी

पद: प्रभारी सेंट्रल मिलिट्री कमेटी, सीआरबी सदस्य

4. मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर, उम्र 62

 

 

निवासी: सनथल मधुनदी, थाना किर्तन, जिला गिरडीह, झारखंड

शिक्षा स्नातकोत्तर

पद: प्रभारी ईआरबी (इस्टर्न रिजनल ब्यूरो) मिलिट्री, प्रभारी ईआरबी

 

सेंट्रल कमेटी सदस्य, 40 लाख के इनामी

5. कादरी सत्यनारायण रेडडी उर्फ कोसा, उम्र 66 वर्ष, जाति तेलुगु ब्राह्मण

 

 

निवासी: गोपालरावपल्ली, मंडल सिरसिला, जिला करीमनगर, तेलंगाना

पत्नी-डीवीसीएम राधक्का-माड़ डिवीजन जनताना सरकार प्रभारी

शिक्षा: हायर सेकंडरी

पद: सीआरबी सदस्य प्रभारी व सचिव डीकेएसजेडसी सचिवालय जोन

6. पुल्लरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना, उम्र 63 वर्ष, जाति: वेलमा

 

 

निवासी: वेडकापूर, मंडल-पेद्दापल्ली, जिला-करीमनगर, तेलंगाना

पद: सचिव तेलंगाना स्टेट कमेटी व सीआरबी सदस्य

7. मोडेम बालाकृष्णा उर्फ बालन्ना, उम्र 60 वर्ष, जाति-गोंड

 

 

निवासी: मदीकोंडा, मंडल धानपुर, जिला वारंगल, तेलंगाना

शिक्षा: हायर सेकंडरी

पद: प्रभारी ओएससी (ओडिशा स्टेट कमेटी) , सीआरबी सदस्य

8. गणेश उईके उर्फ राजेश तिवारी उर्फ चमरू दादा, उम्र 63 वर्ष, जाति-गोंड

 

 

निवासी- पुल्लेमला, मंडल-चंदूर जिला-नालगोंडा तेलंगाना पत्नी सुरजन्ना

पद: सचिव ओडिशा स्टेट कमेटी

9. अनल दा उर्फ तूफान दा, उम्र 56 वर्ष

 

 

निवासी: झारावाली, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह झारखंड

शिक्षा: एमएससी

पद: सचिव बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी (सारंडा जंगल झारखंड क्षेत्र में सक्रिय)

10. गजराला रवि उर्फ उदय, उम्र 58 वर्ष, जाति-गोंड

 

 

निवासी: वेलीशाला थाना, जिला वारंगल, तेलंगाना

शिक्षा: हायर सेकंडरी, आइटीआइ

पद: सचिव एओबीएसजेडसी (आंध्रा-ओडिशा बार्डर स्पेशल जोनल कमेटी), सीएमसी सदस्य

11. सब्यसाची गोस्वामी उर्फ अजय दा, उम्र 42 वर्ष

 

 

निवासी: एचबी सोदपुर टाउन, रोड नंबर-6, स्नेहलता अपार्टमेंट, पीएस घोला, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल

सचिव डब्लूबीएसएसी-1 (पश्चिम बंगाल एरिया स्पेशनल कमेटी) असम

12. कटटा रामचंद्र रेडडी उर्फ गुड़सा उसेंडी, उम्र 62 वर्ष

 

 

निवासी: तिगालागुट्टा पल्ली, मंडल कोहेडा, जिला: करीमनगर तेलंगाना, कार्यक्षेत्र अबूझमाड़ छत्तीसगढ़

पद: सचिव डीकेएसजेडसी, प्रभारी एसएमसी, प्रभारी उत्तर सब जोनल ब्यूरो, प्रवक्ता डीकेएसजेडसी

13. सुजाता उर्फ कल्पना, उम्र 60 वर्ष, पति किशनजी (मृत)

 

 

निवासी: पेंचीकालपेट, मंडल गत्तु जिला-महबुबनगर, तेलंगाना

पद: सचिव दक्षिण ब्यूरो डीएकेएमएस

14. नरसिम्हा चालम उर्फ सुधाकर, उम्र 66 वर्ष, जाति वेलामा

 

 

निवासी: प्रागदावरम, मंडल-चिंतलपुडी, जिला पश्चिम गोदावरी आंध्रप्रदेश

प्रभारी सीआरबी

15. माडवी हिड़मा उर्फ हिडमन्ना, उम्र 45 वर्ष

 

 

निवासी: पुवर्ती, थाना-जगरगुंडा, जिला- सुकमा, छत्तीसगढ़

पद: दक्षिण सबजोनल ब्यूरो सैनिक व सांगठनिक कार्य