कहीं देना न पड़ जाए अंतिम संस्कार का खर्चा, पिता की लाश को 2 साल तक अलमारी में रखा; जापान में चौंकाने वाला मामला

 कहीं देना न पड़ जाए अंतिम संस्कार का खर्चा, पिता की लाश को 2 साल तक अलमारी में रखा; जापान में चौंकाने वाला मामला

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार

जापान से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक शख्स ने अपने पिता की लाश को 2 साल तक अलमारी में रखा जिसकी वजह अंतिम संस्कार के खर्च से बचना था। पुलिस ने जब आरोपी के घर की तलाशी ली तो उसकी अलमारी में पिता का कंकाल मिला। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

 

 

टोक्यो। जापान में एक शख्स ने अपने पिता के शव को 2 साल तक घर की अलमारी में छिपाए रखा, ताकि उसे अंतिम संस्कार का खर्च न उठाना पड़े। वहीं अब मामला सामने आने के बाद सभी के होश उड़ गए हैं।

आरोपी के घर पहुंची पुलिस

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, नोबुहिको सुजुक का टोक्यो में एक चाइनीज रेस्टोरेंट है। पिछले एक हफ्ते से नोबुहिको का रेस्टोरेंट बंद था और उनका कुछ पता नहीं चल रहा था। ऐसे में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब नोबुहिको के घर पहुंची तो अलमारी के अंदर उनके पिता का कंकाल देख हैरान रह गई।

नोबुहिको ने बताया सच

 

पुलिस ने नोबुहिको को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उन्होंने सारा सच उगल दिया। नोबुहिको ने पुलिस को बताया कि “जनवरी 2023 में उनके 86 वर्षीय पिता की मृत्यु हो गई थी। उनकी मौत क्यों और कैसे हुई, यह साफ नहीं है। जब नोबुहिको काम से लौटे तो देखा उनके पिता ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था।”

क्यों छिपाया पिता का शव?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के हवाले से 56 वर्षीय नोबुहिको ने कहा कि पिता के अंतिम संस्कार का खर्च काफी ज्यादा होता। इसलिए उन्होंने शव को अलमारी में छिपा दिया। शुरुआत में नोबुहिको को काफी बुरा लगता था, लेकिन बाद में उन्होंने सोचा की पिता की मौत के लिए वो जिम्मेदार नहीं हैं। इसलिए उन्होंने शव को बाहर नहीं निकाला।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने नोबुहिको को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस नोबुहिको के पिता की मौत की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस को शक है कि पिता की पेंशन हड़पने के लिए नोबुहिको ने उनकी मौत को राज बनाए रखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।