ट्रेन एंबुलेंस बुकिंग के नाम वसूले 32 हजार, फर्श पर सोकर मरीज ने की यात्रा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

बिलासपुर। लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के हथकंड़े अपनाए जा रहे हैं। एक मामला रेलवे के पास रविवार को आया। इसमें एक महिला मरीज को ट्रेन एंबुलेंस के नाम पर दरवाजे के पास फर्श पर सुलाकर यात्रा करवाई गई। इस यात्रा के बदले एक निजी कंपनी ने उनसे 65 हजार रुपये शुल्क की बात कही थी और बतौर एडवांस 32 हजार 500 रुपये वसूल लिए थे। पूरा मामला सामने आने के बाद रेलवे में हड़कंप मचा हुआ है। अफसरों ने इस तरह की धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि रेलवे इस तरह की कोई सर्विस ही नहीं देती। यात्रियों को ठगने के लिए लोग ऐसे पैतरे अपना रहे हैं।
मामला हावड़ा-पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन का है। खड़गपुर से रायपुर तक जाने के लिए सृष्टि एक्का नाम की महिला मरीज की बुकिंग की गई। उनके हाथ, स्पाइन और पैर में चोट और फैक्चर भी थी। सृष्टि एक्का को ट्रेन के दरवाजे के पास फर्श पर सोकर यात्रा कर रही थी। कुछ यात्रियों के पूछने पर स्वजन ने मामला उजागर किया। उन्होंने बताया कि ट्रेन एम्बुलेंस के नाम से बुकिंग कराया। पंचमुखी एयर एंड ट्रेन एम्बुलेंस सर्विस के नाम की कंपनी से उन्होंने बुकिंग कराया। इसके लिए उनसे 65 हजार रुपए डिमांड किए गए थे। इस दौरान 32 हजार 500 एडवांस पेमेंट दिया गया था और बाकी यात्रा के बाद दिया जाना था। सुविधा के नाम पर मरीज को दरवाजे के पास सुला दिया गया। मरीज ने रायपुर तक की यात्रा इसी तरह की। ट्रेन के दरवाजे पर मरीज होने के कारण अन्य यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को बाथरूम और दूसरे कोच में जाने के लिए भी परेशानी हुई तो कुछ यात्रियों ने इसकी शिकायत टीटीई से की। टीटीई पहुंचे उन्हें भी ट्रेन एंबुलेंस की पर्ची दिखाई गई।
रेलवे ऐसी सर्विस नहीं देता, धोखाधड़ी से रहें सावधान: सीनियर डीसीएम
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे इस तरह से ट्रेन एम्बुलेंस के नाम से कोई भी अनुमति नहीं देता। ट्रेन एंबुलेंस की कोई भी सुविधा आम यात्रियों तो दूर रेलवे के अधिकारी या कर्मचारियों को उपलब्ध नहीं है। पिछले दिनों बिलासपुर में एक अप्रेंटिस की मौत होने पर रेल प्रशासन ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से सड़क मार्ग से उनके घर भुसावल भिजवाने की व्यवस्था की थी। उन्होंने इस तरह की ठगी से बचने के लिए आम जनता से अपील भी की है। उन्होंने कहा कि स्थाानीय पुलिस व जीआरपी को मेमो देंगे, ताकि मामले में तत्काल कार्रवाई की जा सके।





