बलौदाबाजार हिंसा कांड: अब तक कांग्रेस विधायक देवेंद्र समेत 365 गिरफ्तार, दो मामलों में 2,525 पन्नों का चालान पेश

 बलौदाबाजार हिंसा कांड: अब तक कांग्रेस विधायक देवेंद्र समेत 365 गिरफ्तार, दो मामलों में 2,525 पन्नों का चालान पेश

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

10 जून को बलौदाबाजार में एसपी और कलेक्ट्रेट कार्यालय में हुई थी आगजनी की घटना।

हिंसा में 12 करोड़ रुपये की संपत्ति का हुआ था नुकसान, सैकड़ों गाड़ियां हुईं थी राख।

हिंसा में कांग्रेस विधायक समेत विभिन्न संगठनों के प्रमुखों को पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे।

 

 

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के बलौदाबाजार में 10 जून को एसपी-कलेक्टर कार्यालय में आगजनी व हिंसा मामले में पुलिस ने कोर्ट में 2,525 पन्नों का चालान पेश किया है। मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 365 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

 

पुलिस सिटी कोतवाली थाने में दर्ज 12 एफआईआर में से दो मामलों में 121 आरोपियों के खिलाफ क्रमश: 1,325 पेज और 1,200 पेज का चालान पेश किया है। आरोपी बनाए गए विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ ही विधायक देवेंद्र यादव अभी जेल में बंद हैं। कांग्रेस गिरफ़्तारी का लगातार विरोध कर रही है। 17 अगस्त को भिलाई से देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया था। यादव की तीन सितंबर तक रिमांड बढ़ा दी गई है।

 

 

बलौदाबाजार के महकोनी गांव में 15-16 मई की दरमियानी रात अमरगुफा में जैतखाम काटे जाने के बाद सतनामी समाज का गुस्सा फूटा था। कार्रवाई की मांग के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। कुछ लोगों ने सीबीआइ जांच की मांग की थी।

 

इसी घटना को लेकर 10 जून को बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में सभा हुई। इसके बाद आक्रामक भीड़ ने बलौदाबाजार एसपी-कलेक्ट्रेट कार्यालय में आग लगा दी। सैकड़ों गाड़ियां फूंक दी गई। एक अनुमान के मुताबिक 12 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ था।

 

 

बलौदाबाजार एएसपी हेमसागर सिदार ने कहा, 10 जून को बलौदाबाजार में हुए आगजनी हिंसा कांड में अब तक 365 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कार्रवाई लगातार जारी है।