बृजमोहन अग्रवाल का सरकार के खिलाफ मोर्चा: भारत स्काउट्स एंड गाइड्स अध्यक्ष की नियुक्ति को बताया असंवैधानिक
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
बृजमोहन अग्रवाल का सरकार के खिलाफ मोर्चा: भारत स्काउट्स एंड गाइड्स अध्यक्ष की नियुक्ति को बताया असंवैधानिक,
रायपुर: राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा बयान देते हुए अपनी ही सरकार के फैसले को चुनौती दी है। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वैधानिक प्रक्रिया की अनदेखी के कारण उन्होंने न्यायालय की शरण ली है।
“बिना हटाए नए अध्यक्ष की घोषणा नियमों के खिलाफ”
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स में राज्य अध्यक्ष का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में वैधानिक अध्यक्ष होने के बावजूद, उन्हें पद से हटाए बिना नए अध्यक्ष की घोषणा करना पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है।
अग्रवाल ने बताया, “मैंने परिषद की विसंगतियों को पहले ही सरकार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संज्ञान में लाया था। मैंने स्पष्ट किया था कि यदि बिना प्रक्रिया के नियुक्ति की गई, तो मैं कोर्ट जाऊंगा।
दिल्ली दौरे में महत्वपूर्ण बैठकों पर चर्चा
दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद अग्रवाल ने तीन प्रमुख बैठकों में हिस्सा लिया:
केमिकल फर्टिलाइजर बैठक: किसानों को देश भर में सस्ती खाद उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
JPC बैठक (1/30 अमेंडमेंट बिल): इस प्रस्तावित बिल के अनुसार, यदि कोई मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री या मंत्री 30 दिनों के लिए जेल जाता है, तो उसका पद स्वतः समाप्त हो जाएगा।
एस्टिमेट कमेटी: स्कूल शिक्षा और समग्र शिक्षा को नवोदय विद्यालयों के सुपुर्द करने के मुद्दे पर मंथन हुआ।
टी.एस. सिंहदेव के बयान पर पलटवार
पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव द्वारा उनकी स्थिति पर दुख जताने वाले बयान पर बृजमोहन अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मेरी स्थिति पर किसी को दुखी या खुश होने की जरूरत नहीं है। मैं अपनी जगह बनाना और अपनी लड़ाई लड़ना बखूबी जानता हूं।”










