संतान प्राप्ति के नाम पर ठगी करने वाले तीन और एक अन्य मामले में चोरी करने करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद

 संतान प्राप्ति के नाम पर ठगी करने वाले तीन और एक अन्य मामले में चोरी करने करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

जगदलपुर में गृहशांति पूजा के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों और खाली मकानों में चोरी करने वाले पंजाब के शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से 16.30 लाख रुपये का माल, मोटरसाइकिल और औजार बरामद किए गए।

 

जगदलपुर।जगदलपुर के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में गृहशांति पूजा और निसंतान दंपतियों को संतान प्राप्ति का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 11.30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, नकदी और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

 

20 अप्रैल को चंदनपुर, लिटीभाटापारा निवासी लक्ष्मीनाथ बघेल (70) ने लोहंडीगुड़ा थाने में शिकायत दर्ज की कि 26 मार्च को आरोपियों ने गृहशांति पूजा के नाम पर उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और नकदी चुरा लिए। थाना प्रभारी रवि कुमार बैगा ने टीम गठित कर जांच शुरू की।

 

 

पुलिस ने तीन आरोपियों दारा सिंह मंडावी उर्फ सुकदेव (44) निवासी धमतरी, कांति बाई गौड़ (39) निवासी धमतरी और रेखा नेताम (47) निवासी कांकेर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चंदनपुर, छिंदगांव और मांदर (बस्तर) में भी इसी तरह ठगी की। पुलिस ने उनके कब्जे से चुराया गया माल बरामद कर लिया।

एक अन्य मामले में परपा थाना क्षेत्र में खाली मकानों में चोरी करने वाला पंजाब का शातिर अपराधी गिरफ्तार

परपा थाना क्षेत्र में खाली मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर अपराधी मंगल सिंह को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, नकदी, मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने का औजार बरामद किया गया है।

 

परपा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में खाली मकानों में चोरी की घटनाएं लगातार दर्ज हो रही थीं। तीन-चार मई की रात ग्राम पल्ली नाका निवासी सोनू कुमार सिंह के घर से अज्ञात चोर ने आलमारी में रखे सोने के आभूषण चुरा लिए थे। शिकायत पर परपा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर संदेही मंगल सिंह (37) निवासी टोंग, थाना ब्यास, अमृतसर, पंजाब) की पहचान की।

 

पुलिस टीम ने अमृतसर के टोंग गांव पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मंगल सिंह ने सोनू कुमार के घर चोरी की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से पंजाब के टोंग और जगदलपुर के नगरनार में किराए के मकान से चोरी का माल, मोटरसाइकिल और टायर लिवर जब्त किया। आरोपी को अमृतसर से ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। पेशे से ट्रक ड्राइवर मंगल सिंह के खिलाफ पंजाब के ब्यास और अन्य थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।