वॉकी-टॉकी से पुलिस को चकमा देने की कोशिश नाकाम: बस्तर पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय चोर गिरोह
वॉकी-टॉकी से पुलिस को चकमा देने की कोशिश नाकाम: बस्तर पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय चोर गिरोह
जगदलपुर: बस्तर पुलिस ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में हुई बड़ी चोरियों की गुत्थी सुलझाते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई के शातिर अपराधी शामिल हैं।
महज 2 घंटे में दो बड़ी वारदातें
29 जनवरी की शाम शातिर चोरों ने कोतवाली थाना क्षेत्र की सनसिटी और बोधघाट थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में स्थित सूने मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने महज दो घंटे के भीतर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया था।
हाई-टेक थे चोर: मोबाइल नहीं, वॉकी-टॉकी का किया इस्तेमाल
पुलिस की सर्विलांस और लोकेशन ट्रेसिंग से बचने के लिए इन चोरों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। वारदात के दौरान आरोपियों ने आपस में संपर्क करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल न कर वॉकी-टॉकी का प्रयोग किया, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके।
400 CCTV कैमरों ने खोला राज
बस्तर पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए शहर के तकरीबन 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर हुलिया और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर पुलिस ने आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे विशाखापट्टनम भाग गए थे।
घराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की लोकेशन पर नजर रखे हुए थीं। जैसे ही आरोपी विशाखापट्टनम से वापस अपने ठिकानों पर जाने के लिए बस्तर के रास्ते रायपुर की ओर भागने की फिराक में थे, पुलिस ने जगदलपुर के पास घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
अभिषेक खंडारा (निवासी: पंजाब)
विशाल वाल्मीकि (निवासी: हरियाणा)
नरेंद्र सिंह (निवासी: भिलाई, छत्तीसगढ़)
विक्की कुमार वर्मा (निवासी: दुर्ग, छत्तीसगढ़)















