बिजली विभाग के कर्मचारी के घर में चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार, चार लाख का माल बरामद

 बिजली विभाग के कर्मचारी के घर में चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार, चार लाख का माल बरामद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार

***************************************

 

कोरबा के सीएसईबी कॉलोनी में चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व सामान जब्त किया। चोरी का माल गिरवी रखने वाले को भी आरोपी बनाया गया।

 

कोरबा।कोरबा के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में सीएसईबी कॉलोनी के एनडी क्वार्टर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी शिवम कश्यप (19) निवासी आरामशीन और अजय यादव (24) निवासी जेल रोड, मोहलाईन भाठा, थाना कटघोरा हैं। साथ ही दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, सोने की चैन, सोने की अंगूठी, चांदी का लोटा, चांदी की दो पायल, चांदी की चैन, कांसे की थाली और पीतल का लोटा, कुल मिलाकर लगभग चार लाख रुपये कीमती सामान जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कर्मी सुब्रमण्यम कुछ दिनों पहले कार्य से बाहर गए थे और उनकी पत्नी भी घर पर नहीं थी। जब वे लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ पाया और चोरी की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज कराई। कोरबा सीएसपी भूषण एकाद ने बताया कि चोरी की सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद तान सुना ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे मुखबिर से जानकारी मिली कि दो नाबालिग नए कपड़े खरीदने और खाने-पीने में पैसे खर्च कर रहे हैं।

 

पूछताछ में पता चला कि उन्होंने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। इसके अतिरिक्त चोरों ने चोरी के सामान को एक अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रखा था, जिसे भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्रवाई की है।