RTO इंस्पेक्टर ने काटा ट्रेलर का चालान, गुस्साए चालक ने कुचलकर मार डाला
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार
***************************************
घटना कोटा जिले के मंडाना थाना इलाके में हुई.
आरटीओ इंस्पेक्टर को ट्रेलर चालक ने कुचलकर मारा.
घटना के बाद परिवहन विभाग में आक्रोश.
कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की.
कोटा. कोटा ग्रामीण के मंडाना थाना इलाके में आरटीओ के एक इंस्पेक्टर को ट्रेलर ने कुचलकर मार डाला. बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर ने ट्रेलर का चालान काटा था. इससे उसका चालक गुस्साया हुआ था. उसी के चलते उसने इंस्पेक्टर को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. घटना की जानकारी मिलते ही महकमे के अधिकारी सन्न रह गए. पुलिस ने शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. घटना के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया है.
पुलिस के अनुसार यह वारदात शनिवार को दोपहर बाद कोटा झालावाड़ हाईवे नंबर 52 पर गोपालपुरा गांव के पास हुई. आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोपालपुरा के पास अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान वहां आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनको कुचल दिया. हादसे में आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी की क्षतिग्रस्त हो गई. इसके अलावा एक बोलेरो का ड्राइवर देवेंद्र भी घायल हो गया.
कलेक्टर और एसपी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही मंडाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उसने इंस्पेक्टर नरेश कुमार और बोलेरो चालक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. वहां नरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी और कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर समेत परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने हालात का जायजा और पूरी घटना की जानकारी ली.
परिजनों में कोहराम मच गया
घटना में इंस्पेक्टर नरेश की मौत के बाद उनके परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल पहुंचे. देर रात चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई. इंस्पेक्टर नरेश की मौत के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में सुरक्षा की बात को लेकर आक्रोश फैल गया. पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे बातचीत की. उन्होंने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वान दिया है.





