पति होने का मतलब है खौफजदा रहना? सिहरन सौरभ कांड से नहीं, डर तो बढ़ते दायरे से
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार
पीड़ित कई बार थाने में शिकायत करने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की.
ग्वालियर में पति को हत्या की धमकी मिली.
पत्नी के चार बॉयफ्रेंड, एक के साथ रह रही है.
पति ने CM से मदद की गुहार लगाई.
ग्वालियर : मेरठ में ड्रम कांड के बाद उन पतियों में खौफ का माहौल है, जिनकी पत्नियां शादी के बाद भी अपने बॉयफ्रेंड के साथ रिलेशन में उलझी हैं. ग्वालियर में ऐसे ही एक पति को अपनी हत्या की आशंका सता रही है. इस युवक की पत्नी के एक दो नहीं, बल्कि चार बॉयफ्रेंड हैं. आलम ये है कि पत्नी अपने पति को छोड़कर एक बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है और वह बॉयफ्रेंड पति को हत्या की धमकी दे रहा है. जब पुलिस ने युवक की बात को गंभीरता से नहीं सुना तो फिर परेशान होकर वह फूलबाग चौराहे पर CM के पोस्टर के नीचे धरने पर बैठ गया और CM डॉ. मोहन यादव से मदद की गुहार लगा रहा है. चलिए जानते हैं इस केस के बारे में. साथ ही ऐसे ही कुछ और मामलों के बारे में भी बात करते हैं, जिनमें पति मेरठ सौरभ हत्याकांड की वजह से खौफजदा हैं.
पत्नी अब तक चार बॉयफ्रेंड बना चुकी
पहले ग्वालियर के इस मामले की बात करते हैं. यहां जनकपुरी इलाके में रहने वाला अमित कुमार सेन मेरठ के ड्रम कांड के बाद खासा परेशान है. अमित अपनी पत्नी से प्रताड़ित है. अमित का आरोप है कि उसकी पत्नी अब तक चार बॉयफ्रेंड बना चुकी है. इन दिनों वह घर छोड़कर राहुल बाथम नाम के बॉयफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रही है. अमित का कहना है कि उसके बॉयफ्रेंड और पत्नी ने मिलकर बड़े बेटे हर्ष की भी हत्या करवा दी थी. वहीं छोटे बेटे को लेकर बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है. जब उसने इसका विरोध किया तो बॉयफ्रेंड उसे हत्या करने की धमकी दे रहा है. अमित को आशंका है कि मेरठ में सौरभ ड्रम हत्याकांड की तरह उसका भी कत्ल हो सकता है.
CM मोहन यादव का पोस्टर ऊपर, उसके नीचे धरना
इस मामले को लेकर वह कई बार थाने में शिकायत करने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की. आखिर में परेशान होकर अमित ग्वालियर के फूलबाग चौराहे पर CM के पोस्टर के नीचे धरने पर बैठ गया. अमित ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मदद की गुहार लगाई है. पीड़ित अमित ने बताया कि कई बार उसने जनकगंज पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं सुनाया गया. उधर इस मामले में जनकगंज थाना प्रभारी का कहना है कि उनके पास फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है. अगर पूर्व में थाने में आवेदन दिया होगा तो उसमें की गई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी. युवक की शिकायत पर जो भी कानूनी कार्रवाई होगी उसे किया जाएगा.
मेरठ मर्डर केस में मुस्कान ने खोला अब तक का सबसे बड़ा राज, बताया- पति सौरभ राजपूत को क्यों मारा
डरे-सहमे पति ने कराई प्रेमी से पत्नी की शादी
दूसरा ऐसा ही एक किस्सा संतकबीरनगर से सामने आया है. यहां ढंघटा पुलिस थानाक्षेत्र के अंतर्गत कतरमिश्रा गांव के रहने वाले बबलू ने भी अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी विशाल कुमार से करा दी. खास बात ये है कि दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करने वाले बबलू की शादी गोरखपुर की राधिका से 2017 में हुई और उनके दो बच्चे भी हैं. वह कई बार अपनी पत्नी को विशाल से मिलने के लिए मना करता, लेकिन वह नहीं मानी. हारकर उसने अपनी पत्नी के साथ कोर्ट से नोटरी बनायी और उसके बाद एक मंदिर में ले जाकर अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा दी. दिलदार पति की चर्चा पूरे जिले में हो रही है. बबलू का कहना है कि मेरठ में जो हुआ, उसे देखकर मैं भी परेशान हूं. मैंने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने का फैसला लिया, ताकि दोनों शांतिपूर्ण ढंग से जीवन जी सकें.
बॉयफ्रेंड के प्यार में, पति को कॉफी में दिया जहर
तीसरा मामला यूपी के मुजफ्फरनगर में सामने आया. यहां तो पत्नी ने अपने पति को जहरीली कॉफी पिला दी. मुजफ्फरनगर में थाना खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भंगेला के रहने वाले अनुज शर्मा की शादी करीब 2 वर्ष पहले गाजियाबाद के फरखनगर की रहने वाली पिंकी शर्मा उर्फ सना से हुई थी. अनुज मेरठ के ग्लोबल अस्पताल में नौकरी करता है. शादी के कुछ महीने बाद ही अनुज और पिंकी के बीच विवाद शुरू हो गया. पिंकी के लगातार मोबाइल पर बिजी रहने के कारण दोनों पति-पत्नी के बीच मारपीट और झगड़ा होना शुरू हो गया था.
यह मामला पुलिस तक पहुंच गया था. पिंकी ने अपने पति के खिलाफ गाजियाबाद में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद गाजियाबाद के महिला थाने में दोनों का सुलह कराया गया. पुलिस ने एक सप्ताह के लिए दोनों को एक साथ रहने के लिए कहा, जिसके बाद अनुज पिंकी को उसके घर से अपने घर ले आया, लेकिन उसके बाद भी दोनों के बीच झगड़ा जारी रहा. पिंकी ने 25 मार्च की शाम को अनुज को मारने की नीयत से कॉफी में जहर डालकर पिला दिया. अनुज की तबीयत बिगड़ गई और उसे मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत अभी भी खराब है. वह कुछ बोल नहीं पा रहा है. केवल इशारों में बता रहा है.
‘टुकड़े कर ड्रम में भर दूंगी…’
चौथा मामला तो मेरठ से ही सामने आया है. यहां सौरभ हत्याकांड की चर्चा के बीच पति-पत्नी के झगड़े में भी ऐसा ही एंगल सामने आया है. यहां पत्नी ने पति को धमकी दी कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसके टुकड़े कर ड्रम में भर देगी. आरोप है कि पत्नी ने सोते समय पति के सिर पर ईंट मारकर उसे घायल कर दिया. पति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. जिसके बाद पीड़ित थाने पहुंच गया. हालांकि, पत्नी ने इन आरोपों से इनकार किया है. यह मामला मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक कॉलोनी का है.





