ऑललाइन वर्क से कमाई के चक्‍कर में गंवाए 80 लाख रुपये, रील्स देखकर महिला हुई ठगी का शिकार

 ऑललाइन वर्क से कमाई के चक्‍कर में गंवाए 80 लाख रुपये, रील्स देखकर महिला हुई ठगी का शिकार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

 

ऑनलाइन ठग अब जल्द पैसा कमाने का झांसा देकर लोगों को बना रहे अपना शिकार।

 

ऑनलाइन ट्रेडिंग में कमाई का झांसा देकर की गई ठगी।

सुपेला व भिलाई नगर पुलिस ने दर्ज की ठगी की रिपोर्ट।

सोशल मीडिया पर वीडियो देख लोग आ रहे झांसे में।

 

 

दुर्ग। साइबर ठगी करने वाले शातिर अब लोगों को आनलाइन ट्रेडिंग व शेयर ट्रेडिंग में लाभ दिलवाने का झांसा देकर उनसे ठगी कर रहे हैं। शातिरों ने आनलाइन ट्रेडिंग में लाभ दिलवाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल एक करोड़ नौ लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली है। मामलों की शिकायत पर सुपेला व भिलाई नगर पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा के तहत प्राथमिकी कर मामलों की जांच शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि दल्लीराजहरा निवासी रश्मि सुनील की शिकायत पर सुपेला थाना में प्राथमिकी की गई है। शिकायतकर्ता का मायका नेहरू नगर ईस्ट में है। वो 21 मई को अपने मायके आई हुई थी और फेसबुक पर आनलाइन वर्क से संबंधित रील्स देख रही थी। एक रील्स में उसे एक नंबर दिखा।

 

जिस पर पीड़िता ने संपर्क किया तो उसने वहां से उसे एक टेलीग्राम आइडी का लिंक दिया गया। उस लिंक को खोलने पर किसी दिलीप कुमार लेंका के नाम से आइडी दिखी और उसने बोला कि वो एक हजार रुपये से लेकर जितना चाहे, उतने के कैपिटल का बीटीसी ने आनलाइन ट्रेड कर रुपये कमा सकती है।

आरोपितों के झांसे में आकर पीड़िता ने उनके बताए हुए खातों पर अलग अलग किस्तों में कुल 80 लाख 50 हजार 806 रुपये भेज दिए। आरोपित कभी गलत आइडी में रुपये भेजने की बात कहकर ठगी करते थे तो कभी रुपये फंसने का भय दिखाकर रुपये मांगते थे। पीड़िता उनके बताए अनुसार उन्हें रुपये भेजती गई।

इतने रुपये लेने के बाद जब आरोपितों ने वीआइपी पैकेज लेने के नाम पर फिर से रुपये मांगे और पैकेज न लेने पर रुपये फंसने की धमकी दी तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने सुपेला थाना में शिकायत की। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित मोबाइल धारकों के खिलाफ प्राथमिकी की है।

दूसरे मामले में सेक्टर-6 निवासी प्रदीप कुमार सिंह की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने प्राथमिकी की है। साइबर ठग ने शेयर ट्रेडिंग में रुपये कमाने का झांसा देकर पीड़ित से 29 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने शेयर मार्केट में रुपये लगाने पर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उससे अलग अलग खातों में रुपये जमा करवाकर ठगी की है।

 

पीड़ित ने तीन अप्रैल से लेकर 29 मई के बीच आरोपितों के बताए हुए खातों में रुपये जमा किए। जिसे आरोपितों ने हड़प लिया। इसके बाद पीड़ित ने भिलाई नगर थाना में शिकायत की। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की है।