बीमा राशि के लालच में सराफा कारोबारी ने रची खुद की लूट की झूठी साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 बीमा राशि के लालच में सराफा कारोबारी ने रची खुद की लूट की झूठी साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*************************

 

 

बीमा राशि के लालच में सराफा कारोबारी ने रची खुद की लूट की झूठी साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कुम्हारी/दुर्ग: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना अंतर्गत कुगदा क्षेत्र में एक सराफा कारोबारी को खुद की लूट की फर्जी कहानी रचना भारी पड़ गया। पुलिस ने बीमा और मुआवजे की राशि हड़पने के इरादे से झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी बरामद किए गए हैं।

धारदार हथियार की नोक पर लूट का किया था दावा

ग्राम कुगदा निवासी नितेश देवांगन ने कुम्हारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सार्थक होम के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार की नोक पर सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

सीसीटीवी और पूछताछ ने खोली पोल

कुम्हारी थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश की। तकनीकी जांच और हुलिए के आधार पर जब पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला, तो प्रार्थी नितेश के बयानों पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो नितेश टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बीमा राशि के लिए बुना था जाल

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने बीमा कंपनी से भारी मुआवजा राशि प्राप्त करने के लालच में इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार दर पर अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।