रायगढ़: वन और राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 टन अवैध खैर लकड़ी के साथ यूपी के 4 तस्कर गिरफ्तार

 रायगढ़: वन और राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 टन अवैध खैर लकड़ी के साथ यूपी के 4 तस्कर गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

रायगढ़: वन और राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 टन अवैध खैर लकड़ी के साथ यूपी के 4 तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सक्रिय लकड़ी तस्करों के विरुद्ध प्रशासन ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत भेंगारी में वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 10 टन से अधिक अवैध खैर लकड़ियों से लदे ट्रैक्टर को जब्त किया है। मौके से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश

जानकारी के अनुसार, वन अमले को गुप्त सूचना मिली थी कि भेंगारी स्थित राजस्व वनभूमि पर भारी मात्रा में लकड़ियों की छिलाई कर उन्हें ट्रैक्टर में लोड किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और एक संयुक्त टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

कार्यवाही के दौरान टीम ने मौके से चार युवकों को पकड़ा, जिनकी पहचान कमल प्रकाश, प्रेम, संतोष और राजेश के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले (मैसोर) के निवासी हैं। पूछताछ में पता चला कि ये प्रतिबंधित ‘खैर’ प्रजाति की लकड़ियों की तस्करी की फिराक में थे।

अधिकारियों का बयान

घरघोड़ा सबडिवीजन के एसडीओ आशुतोष मंडावी ने बताया, “पकड़ी गई लकड़ियां प्रतिबंधित खैर प्रजाति की हैं। आरोपियों ने इन्हें काटकर और छीलकर ट्रैक्टर में लोड किया था। चूंकि मामला राजस्व क्षेत्र का है, इसलिए राजस्व विभाग के साथ मिलकर जांच और जब्ती की कार्यवाही की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।”

जिले में पहले भी हुई हैं बड़ी कार्यवाहियां

रायगढ़ जिले में लकड़ी तस्करी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी हैं:

अप्रैल माह: घरघोड़ा के भेंड्रा रोड पर 18 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में सरई और खैर की लकड़ी जब्त हुई थी।

तमनार रेंज: सराईपाली के गौरमुड़ी क्षेत्र से 85 नग साल के लट्ठे पकड़े गए थे।

मई माह: उड़नदस्ता टीम ने घरघोड़ा और तमनार सीमा पर एक ट्रक अवैध लकड़ी जब्त की थी।