आरपीएफ में फेरबदल की तैयारी, एक स्थान पर तीन साल से जमे इंस्पेक्टर होंगे तबादले
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर, बिलासपुर और नागपुर रेल मंडल में बड़ी संख्या में थोक में आरपीएफ इंस्पेक्टरों के तबादले की तैयारी है। तबादले के दायरे में वे सभी इंस्पेक्टर हैं, जिनका तीन साल का कार्यकाल एक ही पोस्ट में पूरा हो चुका है। आरपीएफ के नियमों के मुताबिक एक इंस्पेक्टर का तीन साल का कार्यकाल होता है। इसके बाद एक साल का एक्सटेंशन दिया जा सकता है, लेकिन इसके पीछे का ग्राउंड और आरपीएफ उच्च अधिकारियों के निर्णय पर यह निर्भर करता है। आरपीएफ सूत्रों के मुताबिक तीनों मंडलों से इंस्पेक्टरों से उनकी तीन मनपसंद स्थानों की जानकारी मांगी गई थी, जो उन्होंने अपने रेल मंडल में भेज दी है, जिसके बाद अब सारे आवेदन बिलासपुर जोन भेजे जाने की तैयारी है।
आरपीएफ के जानकार सूत्रों के मुताबिक तीनों मंडलों से सौ से अधिक इंस्पेक्टरों की सूची तैयार कर रायपुर, बिलासपुर और नागपुर रेल मंडल के आरपीएफ कार्यालय को भेजी जा चुकी है।अब यह सूची बिलासपुर जोन में जाने के बाद ऐसे इंस्पेक्टरों के नामों पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने एक ही स्थान पर तीन का कार्यकाल पूरा कर लिया है।
जुगाड़ का रास्ता
विभाग में तबादलों के पहले कयासों का दौर भी शुरू हो गया है। सब अपनी-अपनी मनपंसद पदस्थापना के लिए एक दूसरे से जुगाड़ का रास्ता भी पूछ रहे हैं। सूत्रों की माने तो इस बार इंस्पेक्टरों के नए जगह पर पदस्थाना करने के लिए यह देखा जाएगा कि कामकाज का तरीका और प्रदर्शन किस तरह का रहा था। इसके आधार पर ही पोस्ट पर पदस्थापना की जाएगी। ज्यादातर महिला इंस्पेक्टरों को थाने और सीआइबी जैसी जिम्मेदारी न देकर उन्हें आफिस में पदस्थ करने पर भी विचार किया जा रहा है। बिलासपुर जोन में पदस्थापना के पहले इंस्पेक्टर अपने उच्च अधिकारियों के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचने लगे हैं।
मनपसंद स्थान का ध्यान रखेंगे अफसर
दिल्ली में बैठे आरपीएफ के अधिकारियों का मानना है कि इंस्पेक्टरों की नई पदस्थापना में उनके मनपसंद का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। पिछले दिनों रेलवे के सभी जोन में हुए तबादले को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
काम करने वाले इंस्पेक्टरों को मिलेगा पोस्ट
आरपीएफ में तबादला और पदस्थापना का पूरा अधिकार आइजी आरपीएफ के पास होता है। सूत्रों की माने तो वर्तमान आइजी बेहतर काम करने वाले इंस्पेक्टरों को काफी पसंद करते है। इसके आधार पर ही इस बार तबादले व पदस्थापना की उम्मीद इंस्पेक्टरों को है।





