धर्मांतरण की पाठशाला चलाने वाला प्रधान पाठक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धर्मांतरण की पाठशाला लगाने वाले हेडमास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हेडमास्टर का नाम रतनलाल सरोवर है। आरोपी प्रधान पाठक बिल्हा ब्लाक के शासकीय प्राथमिक शाला भरारी में पदस्थ थे। हेड मास्टर का बच्चों को धर्मांतरण की शिक्षा देते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद हेड मास्टर के खिलाफ रतनपुर थाना में FIR दर्ज आज कराई गई थी। शिकायत के बाद तत्काल प्रभाव से बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या था पूरा मामला…
दरअसल, बिल्हा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भरारी के प्रधान पाठक रतन लाल सरोवर का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में विद्यार्थियों को प्रधान पाठक शपथ दिलवा रहे थे कि वे ब्रह्मा,विष्णु, महेश को नहीं मानेंगे और न ही उन्हें भगवान मानेंगे। इसके अलावा राम कृष्ण को ईश्वर का अवतार नही मानेंगे। प्रधान पाठक उन्हें बौद्ध धर्म स्वीकार करने की शपथ दिला रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू ने इसे शासकीय गरिमा के खिलाफ माना। साथ ही प्रथम दृष्टया अपराध सिद्ध होने की स्थिति में उनके विरुद्ध विभागीय जांच किया जाना प्रस्तावित किया। प्रधान पाठक रतन लाल सरोवर शासकीय प्राथमिक शाला भरारी विकासखंड बिल्हा जिला बिलासपुर को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के प्रतिकूल होने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था।





