बालोद के जगतरा टोल प्लाजा के पास बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई अपनी जान

 बालोद के जगतरा टोल प्लाजा के पास बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई अपनी जान

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगतरा टोल नाका के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे चारामा से धमतरी की ओर जा रही यात्री बस में आग लग गई। घटना के दौरान इसमें 22 यात्री सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

पुरुर थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि अंबे ट्रेवल्स की बस नारायणपुर से रायपुर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही बस टोल प्लाजा के पहले पहुंची, ब्रेक शू जाम हो गया और घर्षण होने के कारण उसमें आग लग गई। जानकारी मिलते ही चालक ने बस को किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई।

पुरुर सहित धमतरी और कांकेर की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सभी यात्रियों को दूसरे बस से आगे की ओर भेजा गया। बस को बुझाने के लिए धमतरी, बालोद और कांकेर जिलों से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। करीब दो घंटे तक प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। बीच सड़क जल रही बस के चलते दोनों ओर से आवागमन रोक दिया गया था। शाम सात बजे मार्ग को खोला गया। इस अवधि में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।