जबलपुर में काल बनकर आई डॉक्टर की रफ्तार कार, 6 लोगों को रौंदा, 2 ने तोड़ा दम
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार
शुक्रवार की रात एक डॉक्टर की कार ने कई लोगों को टक्कर मारी, जिसके चलते दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई

:जबलपुर। जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जान बचाने वाले डॉक्टर ने 2 लोगों की जान ले ली। दरअसल शुक्रवार की रात एक डॉक्टर की कार ने कई लोगों को टक्कर मारी, जिसके चलते दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि ये पूरा मामला जबलपुर के विजयनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात एक होम्योपैथी डॉक्टर संजय पटेल कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एसबीआई चौराहे के पास कार अनियंत्रित होकर अपने आगे चल रहे दूसरे वाहन से टकरा गई। कार ने 6 राहगीरों को टक्कर मारी। इस हादसे में रविशंकर दुबे, आनंद सिंह, दीपा शुक्ला, मुन्नी बाई, वैशाली नामदेव और मोहित शर्मा कार की चपेट में आकर घायल हो गए। तेज टक्कर लगाने से कई-कई फीट दूर जाकर गिरे। गंभीर रूप से घायल मुन्नी बाई और रवि शंकर की अस्पताल में मौत हो गई।
घटना के बाद एसबीआई चौक पर भगदड़ मच गई। लोगों ने तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन में मामले की जानकारी दी। सुचना मिलते ही विजयनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर की कार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।





