1 अप्रैल से बदल जाएगा पेट्रोल का नियम: देशभर में मिलेगा 20% एथेनॉल वाला E20 फ्यूल, सरकार ने जारी किए निर्देश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
1 अप्रैल से बदल जाएगा पेट्रोल का नियम: देशभर में मिलेगा 20% एथेनॉल वाला E20 फ्यूल, सरकार ने जारी किए निर्देश
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश में ईंधन की गुणवत्ता और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) द्वारा जारी ताजा नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 अप्रैल से पूरे देश में 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) बेचना अनिवार्य कर दिया गया है।
इंजन की सेहत और परफॉरमेंस पर जोर
सरकार ने साफ किया है कि अब बिकने वाला पेट्रोल कम से कम RON 95 (रिसर्च ऑक्टेन नंबर) वाला होगा। ऑक्टेन नंबर फ्यूल की गुणवत्ता का पैमाना है। 95 RON वाला पेट्रोल इंजन में ‘नॉकिंग’ (खट-खट की आवाज) को कम करता है, जिससे गाड़ी की पावर बढ़ती है और इंजन लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में कुछ खास क्षेत्रों के लिए तेल कंपनियों को मानकों में थोड़ी छूट दी जा सकती है।
क्यों खास है एथेनॉल ब्लेंडिंग?
एथेनॉल एक रिन्यूएबल फ्यूल है जो गन्ने, मक्का और अनाज से तैयार होता है। सरकार के इस कदम के पीछे तीन मुख्य उद्देश्य हैं:
प्रदूषण में कमी: सामान्य पेट्रोल के मुकाबले एथेनॉल मिश्रित ईंधन कम प्रदूषण फैलाता है।
आयात पर निर्भरता: कच्चे तेल के आयात के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम होगी, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
किसानों को लाभ: गन्ने और मक्का की मांग बढ़ने से सीधे तौर पर किसानों की आय में इजाफा होगा।
यह फैसला भारत के ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और ‘ग्रीन एनर्जी’ की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।












