ऑपरेशन मुस्कान और तलाश: केशकाल पुलिस ने 03 गुमशुदा बालिकाओं को तेलंगाना व महाराष्ट्र से किया बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
ऑपरेशन मुस्कान और तलाश: केशकाल पुलिस ने 03 गुमशुदा बालिकाओं को तेलंगाना व महाराष्ट्र से किया बरामद
केशकाल। जिला कोंडागांव में पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ को एक बड़ी सफलता मिली है। केशकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित कुल 03 बालिकाओं को अलग-अलग राज्यों (तेलंगाना और महाराष्ट्र) से सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है।

क्या है पूरा मामला?
थाना केशकाल में मार्च और अप्रैल माह के दौरान (दिनांक 08.03.2026, 04.04.2026 और 20.04.2026 को) परिजनों ने अपनी बेटियों के बिना बताए घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चूंकि मामला नाबालिग और युवतियों की गुमशुदगी का था, इसलिए अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण की आशंका जताते हुए धारा 137 (2) BNS के तहत अपराध क्रमांक 49/2026, 59/2026 और 72/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने तत्काल विशेष टीमों के गठन का निर्देश दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा और एसडीओपी केशकाल श्री अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल ने तीन अलग-अलग पुलिस पार्टियों को रवाना किया।
कठिन मेहनत और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस टीमों ने:
एक बालिका को पुरूर बस स्टैंड (जिला बालोद) से,
दूसरी बालिका को ग्राम घिवारी (जिला गोंदिया, महाराष्ट्र) से,
और तीसरी बालिका को अन्नाराम एयरफोर्स एकेडमी (हैदराबाद, तेलंगाना) के पास से सकुशल बरामद किया।
परिजनों की आँखों में आए खुशी के आँसू
बरामदगी के बाद बालिकाओं को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ उनके बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में बालिकाओं ने किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना कारित न किए जाने की बात कही। कानूनी औपचारिकताओं के बाद उन्हें उनके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी खोई हुई बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आँखें भर आईं। उन्होंने केशकाल पुलिस की तत्परता और कड़ी मेहनत की जमकर सराहना करते हुए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया है।





