महासमुंद: पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, ट्रक के गुप्त चेंबर से 23 लाख का गांजा जब्त, 5 गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
महासमुंद: पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, ट्रक के गुप्त चेंबर से 23 लाख का गांजा जब्त, 5 गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। कोमाखान पुलिस के साथ मिलकर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में 47.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 23 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक के जरिए गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका। सघन तलाशी के दौरान ट्रक की सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त चेंबर का पता चला, जिसमें तीन बोरियों में भरकर गांजा छिपाया गया था।
मुंगेली में खपाने की थी तैयारी
जांच में खुलासा हुआ कि यह गांजा ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से लाया जा रहा था और इसे मुंगेली जिले में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल परिवहन करने वालों को पकड़ा, बल्कि मुंगेली निवासी ‘फॉरवर्ड लिंक’ के मुख्य आरोपी दीपक साहू (25) को भी गिरफ्तार कर लिया है।
कुल 59 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अशोक लीलैंड ट्रक और एक डिजायर कार को भी जब्त किया है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और नगद राशि भी बरामद की गई है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 59 लाख 51 हजार रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मोहम्मद मिराज (25), निवासी टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा)
रोहित पोंड (21), निवासी टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा)
दीपक साहू (25), निवासी मुंगेली (छत्तीसगढ़)
दो नाबालिग (जिनके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है)
एक्शन मोड में पुलिस
आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब “एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन” के माध्यम से इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 74 मामलों में 5685 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त कर 192 आरोपियों को जेल भेजा है।





