छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट में मौतों का आंकड़ा पहुंचा 24, आज एक और मजदूर ने तोड़ा दम

 छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट में मौतों का आंकड़ा पहुंचा 24, आज एक और मजदूर ने तोड़ा दम

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

 

छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट में मौतों का आंकड़ा पहुंचा 24, आज एक और मजदूर ने तोड़ा दम

सक्ती/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित सिंघीतराई गांव के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण ब्लास्ट के बाद हालात और भी गमगीन हो गए हैं। इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या अब बढ़कर 24 हो गई है। रविवार सुबह रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन एक और मजदूर की मौत के बाद यह आंकड़ा और बढ़ गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 7 बजे झारखंड निवासी मजदूर मनीष कुमार ने मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में अंतिम सांस ली। मनीष हादसे के बाद से ही गंभीर रूप से झुलसा हुआ था और जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रहा था।

शनिवार को भी हुई थी तीन मौतें

इससे पहले शनिवार को भी हादसे के शिकार तीन मजदूरों ने दम तोड़ दिया था। राजधानी रायपुर में इलाज के दौरान किस्मत अली और उपेन्द्र साह की मौत हुई थी, जबकि रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती सुब्रोतो जना ने शनिवार को दम तोड़ा था।

9 मजदूरों की हालत अब भी नाजुक

सक्ती जिले के इस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। वर्तमान में 24 मौतों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 9 अन्य मजदूर अभी भी रायगढ़ के विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से कुछ की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है, जिनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

प्रशासन और प्रबंधन की ओर से राहत कार्यों और मुआवजे की प्रक्रिया जारी है, लेकिन लगातार बढ़ती मौतों की संख्या ने प्लांट में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।