रायपुर: नशामुक्ति केंद्र में मानवता शर्मसार, ओडिशा के आदिवासी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट; संचालिका के बेटे पर FIR

 रायपुर: नशामुक्ति केंद्र में मानवता शर्मसार, ओडिशा के आदिवासी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट; संचालिका के बेटे पर FIR

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

रायपुर: नशामुक्ति केंद्र में मानवता शर्मसार, ओडिशा के आदिवासी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट; संचालिका के बेटे पर FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा स्थित ‘साहस नशामुक्ति केंद्र’ से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नशे की लत छुड़ाने के नाम पर यहाँ भर्ती एक आदिवासी युवक के साथ कथित तौर पर गंभीर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इलाज के नाम पर दी गई यातनाएं

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के एक आदिवासी परिवार ने अपने बेटे अंकुर मांझी को नशे की लत से उबारने के लिए पिछले साल सितंबर में इस केंद्र में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटे से मिलने पहुंचे, तो प्रबंधन ने न केवल उन्हें मिलने से रोका, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। आरोप है कि परिजनों पर जातिसूचक टिप्पणियां कर उन्हें अपमानित किया गया।

शरीर पर मिले चोट के निशान, मानसिक संतुलन बिगड़ा

नवंबर में जब युवक को वापस घर ले जाया गया, तो उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान देखकर परिजन दंग रह गए। युवक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि केंद्र में उसे बेरहमी से पीटा जाता था। गंभीर हालत को देखते हुए उसे विशाखापट्टनम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने खुलासा किया कि प्रताड़ना के कारण युवक की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। वर्तमान में भी उसका उपचार जारी है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने मामले की गंभीरता को बढ़ा दिया है। पुलिस ने शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिकेत शर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।