रायपुर: रामकृष्ण केयर अस्पताल के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 3 सफाईकर्मियों की मौत, परिजनों का भारी हंगामा

 रायपुर: रामकृष्ण केयर अस्पताल के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 3 सफाईकर्मियों की मौत, परिजनों का भारी हंगामा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

रायपुर: रामकृष्ण केयर अस्पताल के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 3 सफाईकर्मियों की मौत, परिजनों का भारी हंगामा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में एक बड़ी लापरवाही के चलते तीन सफाईकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल के लगभग 50 फीट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों—गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार—की जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से जान चली गई। तीनों मृतक सिमरन सिटी के निवासी बताए जा रहे हैं।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप

परिजनों और चश्मदीदों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे। मृतक के दोस्त आशीष टांडे ने बताया कि मजदूरों को गुमराह किया गया था। उन्हें 5 फीट की गहराई बोलकर 50 फीट नीचे उतार दिया गया, जबकि सुरक्षा के नाम पर उनके पास सिर्फ साधारण मास्क थे। टैंक के भीतर दम घुटने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में तनाव, परिजनों का धरना

घटना की जानकारी मिलते ही सफाईकर्मियों के परिजन अस्पताल पहुंचे और शव न मिलने पर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर मामले को दबाने और “लीपापोती” करने का आरोप लगाया है। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। परिजन फिलहाल अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और लापरवाही के आरोपों की पड़ताल के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।