पुरानी रंजिश में पुलिस पर हमला: कोसमी में जवानों को घेरकर पीटा, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

 पुरानी रंजिश में पुलिस पर हमला: कोसमी में जवानों को घेरकर पीटा, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

पुरानी रंजिश में पुलिस पर हमला: कोसमी में जवानों को घेरकर पीटा, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

 

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमी (द) में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जांच के लिए पहुंचे पुलिस जवानों पर चार आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया। पुरानी रंजिश और पूर्व में की गई शराब जब्ती की कार्रवाई का बदला लेने के लिए आरोपियों ने टांगिया और डंडों से जवानों को लहूलुहान कर दिया। इस हमले में तीन आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घात लगाकर किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, दर्रीपारा कैंप में पदस्थ आरक्षक परमेश्वर नेताम, विमल लकड़ा और विनोद मनहर रविवार शाम नियमित गश्त और जांच के लिए गांव पहुंचे थे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी भैय्या लाल देवंशी, गोरेलाल, उत्तम और गोलू देवंशी ने अचानक जवानों की घेराबंदी कर दी। मुख्य आरोपी भैय्या लाल ने आरक्षक विमल लकड़ा के सिर पर टांगिया से जोरदार प्रहार किया, जिससे उनके चेहरे, नाक और आंख के पास गहरे जख्म आए हैं। विमल के गिरते ही अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से बर्बरता शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने बचाई जान

बीच-बचाव करने आए आरक्षक परमेश्वर और विनोद को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उन्हें बुरी तरह पीटा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पुलिसकर्मियों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।

कड़ी धाराओं में कार्रवाई, आरोपी जेल भेजे गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी गरिमा दादर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 109, 121(1), 127(2), 221, 132 और 3(5) के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।