राजनांदगांव: मोहारा में ‘गौ आरोग्यम’ की शुरुआत, अब इंसानों की तरह फाइलों में दर्ज होगा गायों का मेडिकल रिकॉर्ड
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
राजनांदगांव: मोहारा में ‘गौ आरोग्यम’ की शुरुआत, अब इंसानों की तरह फाइलों में दर्ज होगा गायों का मेडिकल रिकॉर्ड
राजनांदगांव। पशु संरक्षण की दिशा में संस्कारधानी में एक अनूठी और आधुनिक पहल हुई है। मोहारा क्षेत्र में ‘गौ आरोग्यम’ नामक अत्याधुनिक गौशाला की शुरुआत की जा रही है, जहाँ सड़कों पर बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गायों को न केवल आश्रय मिलेगा, बल्कि उनका इलाज भी इंसानों की तरह व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा।
हर गाय की बनेगी अपनी मेडिकल फाइल
इस केंद्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ आने वाली प्रत्येक बीमार गाय का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड रखने के लिए एक अलग ‘फाइल’ बनाई जाएगी। इससे गायों के स्वास्थ्य सुधार और उपचार की सटीक निगरानी संभव हो सकेगी। 15 हजार स्क्वायर फीट में फैला यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
24 घंटे सेवा और भक्तिमय वातावरण
पशुओं की देखभाल के लिए यहाँ 24 घंटे केयरटेकर तैनात रहेंगे। डॉक्टरों की एक विशेष टीम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उपचार के लिए उपलब्ध रहेगी। परिसर में सकारात्मकता और शांति बनाए रखने के लिए 24 घंटे ‘गायत्री मंत्र’ का जाप गूंजेगा। इस पहल से उम्मीद है कि आवारा पशुओं को समय पर इलाज मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
2017 से सेवा में जुटा है ‘जीवरत्नम फाउंडेशन’
यह केंद्र जीवरत्नम फाउंडेशन द्वारा संचालित है। फाउंडेशन के अध्यक्ष नमन मुणोत और सचिव जैनम बैद ने बताया कि उनकी संस्था 2017 से ही घायल मवेशियों का मौके पर जाकर उपचार कर रही है। अब ‘गौ आरोग्यम’ के जरिए इसे एक संगठित रूप दिया गया है। इस केंद्र को ‘भगवान महावीर’ और ‘कृष्ण की छाया’ नामक दो विशेष शेड में विभाजित किया गया है।





