राजस्व कार्यों के लिए नहीं भटकेंगे ग्रामीण: नवा रायपुर तहसील में शामिल हुए 39 गांव, नोटिफिकेशन जारी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*********************************
राजस्व कार्यों के लिए नहीं भटकेंगे ग्रामीण: नवा रायपुर तहसील में शामिल हुए 39 गांव, नोटिफिकेशन जारी
रायपुर:नवा रायपुर के निवासियों और आसपास के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने नवा रायपुर को नई तहसील बनाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी इस फैसले के बाद अब स्थानीय लोगों को जमीन, मुआवजा और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए रायपुर शहर या अन्य तहसीलों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नवा रायपुर तहसील के अधिकार क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक मंडल के 20 पटवारी हलकों के कुल 39 गांवों को शामिल किया गया है। इसमें प्रमुख रूप से राखी, कयाबांधा, खपरी, कोटनी, सेरीखेड़ी, नवागांव, मंदिर हसौद, केंद्री, और माना जैसे क्षेत्र शामिल हैं। अब इन गांवों के लोग अपने ही क्षेत्र की नई तहसील में प्रशासनिक और राजस्व कार्य निपटा सकेंगे।
रायपुर जिले का बदला स्वरूप
नवा रायपुर के साथ-साथ जिले में रायपुर, मंदिर हसौद, अभनपुर, धरसींवा और तिल्दा-नेवरा के प्रशासनिक ढांचे में भी सुधार होगा। अधिसूचना जारी होने से पहले सीमाओं को लेकर दावे-आपत्तियां मंगाई गई थीं, जिनका निराकरण करने के बाद अंतिम मुहर लगा दी गई है।
सुविधाजनक होगा राजस्व प्रबंधन
इस नई व्यवस्था से प्रशासन आम जनता के और करीब पहुंचेगा। 39 गांवों के किसानों और आम नागरिकों को अब छोटे-मोटे कामों के लिए दूर नहीं जाना होगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।












