रायपुर पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई: होली पर मंदिर के सामने से चोरी हुआ ट्रक 4 घंटे में बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

 रायपुर पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई: होली पर मंदिर के सामने से चोरी हुआ ट्रक 4 घंटे में बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

रायपुर पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई: होली पर मंदिर के सामने से चोरी हुआ ट्रक 4 घंटे में बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में होली के जश्न के बीच ट्रक चोरी की एक बड़ी वारदात को रायपुर पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। काली माता मंदिर के पास खड़ा 12 चक्का ट्रक पार करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महासमुंद और सलीहा पुलिस की मदद से घेराबंदी कर धर दबोचा।

सीसीटीवी और टोल फुटेज से खुला राज

अमलीडीह निवासी पीड़िता मीना निर्मलकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक (CG 07 BC 9172) 6 मार्च की सुबह काली माता मंदिर के पास से गायब था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आसपास के सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी ट्रक लेकर महासमुंद की ओर भागे हैं।

महासमुंद और सलीहा पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन

रायपुर एसीसीयू (ACCU) और न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सलीहा पुलिस से संपर्क किया। घेराबंदी ऐसी तगड़ी थी कि आरोपी ट्रक समेत सलीहा थाना क्षेत्र में पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पुराने अपराधी निकले आरोपी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माइकल (26 वर्ष) और बजरंगी परिहार (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो न्यू राजेन्द्र नगर के ही निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बजरंगी परिहार पुराना आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के मामले में बाल संप्रेषण गृह जा चुका है।

पुलिस की मुस्तैदी की सराहना

महज 4 घंटे के भीतर चोरी गया भारी वाहन बरामद करना रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रक जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।