रायपुर: डॉग रेस्क्यू की आड़ में गुंडागर्दी, गर्भवती महिला से मारपीट कर छीना मोबाइल और कुत्ता, FIR दर्ज
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
रायपुर: डॉग रेस्क्यू की आड़ में गुंडागर्दी, गर्भवती महिला से मारपीट कर छीना मोबाइल और कुत्ता, FIR दर्ज
रायपुर: राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पशु रक्षा (डॉग रेस्क्यू) का दावा करने वाली एक संस्था की आड़ में गुंडागर्दी करते हुए एक चार माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट और लूटपाट की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किरण घनश्याम आहूजा और उनके साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता गुरप्रीत कौर गिल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना भाठागांव चौक की है। गुरप्रीत वहां मौजूद थीं, तभी डॉग रेस्क्यू का दावा करने वाली किरण घनश्याम आहूजा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचीं। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बीच आरोपियों ने आपा खो दिया और गर्भवती महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लूटपाट और धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने न केवल उसे शारीरिक चोट पहुंचाई, बल्कि उसका मोबाइल फोन और पालतू कुत्ता भी जबरन छीन लिया। जाते-जाते आरोपियों ने अपनी संस्था के रसूख का हवाला देते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि
घटना की शिकायत मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें पीड़िता के दावों की प्रारंभिक पुष्टि हुई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने और एक गर्भवती महिला के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और लूटा गया सामान व कुत्ता बरामद करने की कोशिश में जुटी है।












