बिलासपुर में दुस्साहस: सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला कर 1 करोड़ के जेवर लूटे, कार लेकर फरार हुए बदमाश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
बिलासपुर में दुस्साहस: सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला कर 1 करोड़ के जेवर लूटे, कार लेकर फरार हुए बदमाश
बिलासपुर। न्यायधानी में मंगलवार की रात बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। राजकिशोर नगर क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी व्यापारी की कार लेकर फरार हो गए।
हथौड़े और पिस्टल के बट से किया हमला
वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजकिशोर नगर में चार-पांच बदमाशों ने अपनी वैन उनकी कार के सामने अड़ाकर रास्ता रोक लिया। जब व्यापारी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हथौड़े और पिस्टल के बट से ताबड़तोड़ वार किए। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, राहगीर को भी धमकाया
लूट की यह पूरी घटना पास के एक मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार युवक ने मदद की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे पिस्टल दिखाकर मौके से भगा दिया।।
अपनी गाड़ी छोड़ व्यापारी की कार ले उड़े बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी वैन (CG 10 BJ 8147) और एक बाइक मौके पर ही छोड़कर व्यापारी की कार लेकर भाग निकले। पुलिस को अंदेशा है कि छोड़ी गई गाड़ियां चोरी की हो सकती हैं। पुलिस ने वाहनों को जब्त कर उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तत्काल बहतराई रोड स्थित प्रथम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की घेराबंदी जारी
घटना की सूचना मिलते ही आईजी, एसएसपी और सीएसपी निमितेष सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर दी गई है। सीएसपी ने पुष्टि की है कि कार में करीब एक करोड़ के जेवर रखे थे। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।











