भिलाई: मां पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, घर की मूर्तियां फेंकी और दी जान से मारने की धमकी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
भिलाई: मां पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, घर की मूर्तियां फेंकी और दी जान से मारने की धमकी
रिसाली (भिलाई): छत्तीसगढ़ के रिसाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां पर मतांतरण के लिए मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया। मां की शिकायत पर नेवई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
धार्मिक आस्था पर चोट और जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, आशीष नगर पश्चिम (रिसाली) निवासी 52 वर्षीय सरोज वर्मा ने सोमवार को नेवई थाने में अपने पुत्र होशांग वर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि उसका बेटा पिछले काफी समय से उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रताड़ित कर रहा था। जब मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि घर में तोड़फोड़ कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पूजा-पाठ में बाधा और मूर्तियों का अपमान
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित पुत्र ने घर के मंदिर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया और मां को पूजा-पाठ करने से रोकने के लिए लगातार बाधाएं उत्पन्न कीं।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नेवई पुलिस ने जांच के बाद आरोपित होशांग वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





