कोरबा: मौत को मात देकर खिड़की से बाहर कूदा ड्राइवर; आग का गोला बनी चलती कार, जलकर हुई राख

 कोरबा: मौत को मात देकर खिड़की से बाहर कूदा ड्राइवर; आग का गोला बनी चलती कार, जलकर हुई राख

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

कोरबा: मौत को मात देकर खिड़की से बाहर कूदा ड्राइवर; आग का गोला बनी चलती कार, जलकर हुई राख

कोरबा, छत्तीसगढ़:कोरबा जिले के मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 5 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-130 पर नवापारा (कापा) गांव के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई।

दरवाजा जाम होने पर खिड़की से लगाई छलांग

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर निवासी कर्ण कुमार साहू अपनी कार से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपकर ड्राइवर ने दरवाजा खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आग के कारण सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम फेल हो गया और दरवाजा नहीं खुला। मौत को सामने देख कर्ण ने सूझबूझ दिखाई और खिड़की का कांच नीचे कर उसी छोटी सी जगह से बाहर की तरफ जंप लगा दी।

कपड़ों में लगी आग बुझाकर बचाई जान

कार से बाहर कूदते समय कर्ण के शर्ट और पैंट में आग लग गई थी। जमीन पर गिरते ही उन्होंने तुरंत अपने कपड़ों की आग बुझाई, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन वे मामूली रूप से झुलस गए। इस बीच, अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण

सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।