बालोद: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
बालोद: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। हादसा जमही टोल प्लाजा के पास रात करीब 9 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े अज्ञात ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कुसुमकसा से लौट रहे थे युवक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। ये तीनों युवक बालोद जिले के ही गुजरा गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक पर सवार होकर कुसुमकसा से अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी काल बनकर खड़े ट्रक ने उनकी खुशियां छीन लीं।
सिर पर आई गंभीर चोटें बनीं मौत का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंधेरे के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं मिल पाया और बाइक सीधे उसमें जा घुसी। हादसे में तीनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे शवों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की मर्च्युरी भिजवाया गया।
पुलिस कर रही फरार ट्रक चालक की तलाश
शनिवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने इस मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा करने वाले अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।














