भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर से मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 6 लाख के फोन बरामद

 भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर से मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 6 लाख के फोन बरामद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर से मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 6 लाख के फोन बरामद

भिलाई। भिलाई नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय एक ऐसे शातिर चोर को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जो खिलाड़ियों और परीक्षार्थियों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनके मोबाइल पार कर देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।

गाड़ियों की डिक्की होती थी आसान निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शुभम श्रीवास (24 वर्ष), जो मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग के कातुलबोर्ड में रह रहा था, काफी समय से पुलिस की रडार पर था। वह अक्सर क्रिकेट टूर्नामेंट वाले खेल मैदानों और उन परीक्षा केंद्रों के बाहर रेकी करता था जहाँ मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित होता है। लोग अपने कीमती फोन और पर्स दोपहिया वाहनों की डिक्की में रख देते थे, जिसे आरोपी आसानी से खोलकर चोरी कर लेता था।

अनलॉक कर बैंक खातों में मारता था सेंध

पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी सिर्फ फोन चोरी नहीं करता था, बल्कि वह सामान्य लॉक पैटर्न को डिकोड कर फोन अनलॉक कर लेता था। इसके बाद वह फोन में मौजूद बैंकिंग एप्स और एटीएम कार्ड की जानकारी का उपयोग कर पीड़ितों के खातों से पैसे निकाल लेता था। आरोपी इन्हीं पैसों से अपना ऐशो-आराम और दैनिक खर्च पूरा कर रहा था।

सेक्टर-7 में हुई चोरी से खुला राज

हाल ही में सेक्टर-7 में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान गाड़ियों से तीन मोबाइल और कार की चाबी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर पुलिस ने घेराबंदी की और संदेह के आधार पर शुभम को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अपने वाहनों की डिक्की में कीमती सामान, मोबाइल या पर्स रखने से बचें, क्योंकि चोर इसे आसान निशाना बनाते हैं।