बिश्रामपुर का मोहरा एनीकट बना ‘डेथ प्वाइंट’: नहाने गए दो किशोर रेण नदी में डूबे, तलाश जारी

 बिश्रामपुर का मोहरा एनीकट बना ‘डेथ प्वाइंट’: नहाने गए दो किशोर रेण नदी में डूबे, तलाश जारी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

बिश्रामपुर का मोहरा एनीकट बना ‘डेथ प्वाइंट’: नहाने गए दो किशोर रेण नदी में डूबे, तलाश जारी

बिश्रामपुर: सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ रेण नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में समा गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पहुँची डीडीआरएफ (DDRF) की टीम देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती रही, लेकिन गोताखोरों को अब तक सफलता नहीं मिली है।

ननिहाल आया था एक किशोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयनगर निवासी अयान अंसारी (15 वर्ष), जो कार्मेल कान्वेंट स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था, अपने बड़े भाई आवेश और अन्य दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने एनीकट गया था। उनके साथ मनेंद्रगढ़ के मदरसे में पढ़ने वाला आदिल अंसारी (12 वर्ष) भी था, जो शबे-बारात की छुट्टियों में अपने ननिहाल शिवनंदनपुर आया हुआ था। करीब आधा दर्जन बच्चे बाइक और स्कूटी से नदी किनारे पहुँचे थे।

बचाने की कोशिश हुई नाकाम

नदी में नहाने के दौरान अयान और आदिल अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। अयान को डूबता देख उसके बड़े भाई आवेश ने उसे बचाने का साहसिक प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह सफल नहीं हो सका और दोनों किशोर आँखों के सामने ही ओझल हो गए। किसी तरह सुरक्षित बाहर निकले अन्य बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को जानकारी दी।

प्रशासन की लापरवाही पर उठ रहे सवाल

मोहरा एनीकट अब क्षेत्र के युवाओं के लिए काल साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है क्योंकि:

सुरक्षा का अभाव: पिछले दो वर्षों में यहाँ आधा दर्जन से अधिक युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है।

चेतावनी बोर्ड गायब: बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद सिंचाई विभाग या स्थानीय प्रशासन ने यहाँ न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया है और न ही सुरक्षा घेरा बनाया है।

पुराना इतिहास: बीते 28 मई को भी इसी स्थान पर सूरजपुर के दो छात्रों, अविनाश देवांगन और भानु निषाद की डूबने से मौत हुई थी।

फिलहाल बिश्रामपुर पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।