रायपुर: ऑडिट से पहले आबकारी भवन में लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक; साजिश की आशंका
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
रायपुर: ऑडिट से पहले आबकारी भवन में लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक; साजिश की आशंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित आबकारी भवन (आबकारी मुख्यालय) में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। आग भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के कार्यालय में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे तल को अपनी चपेट में ले लिया।
ऑडिट से ठीक पहले भड़की आग, संदेह गहराया
इस अग्निकांड की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आग उसी ऑडिट रूम में लगी जहाँ से विभाग का कामकाज नियंत्रित होता है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह से ही विभाग का एक बेहद महत्वपूर्ण ऑडिट शुरू होना था। ऑडिट प्रक्रिया शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही आधी रात को लगी इस आग में ऑडिट से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जलकर स्वाहा हो गए। महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स के नष्ट होने से अब इस घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दमकल विभाग ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीसरी मंजिल पर रखा सारा रिकॉर्ड जल चुका था।
जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम
फिलहाल आग लगने का प्रारंभिक कारण अज्ञात बताया जा रहा है, लेकिन ऑडिट से ठीक पहले फाइलों का जलना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। जांच टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या फिर महत्वपूर्ण साक्ष्यों को मिटाने के उद्देश्य से जानबूझकर आग लगाई गई थी।












