पेशाब करने रुके व्यक्ति की बाइक पार, पीछा कर पकड़ाया चोर; 14 चाबियां और चाकू बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
पेशाब करने रुके व्यक्ति की बाइक पार, पीछा कर पकड़ाया चोर; 14 चाबियां और चाकू बरामद
कोरबा (बांकीमोंगरा):बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्लाखार में ग्रामीणों की तत्परता से एक शातिर बाइक चोर को पकड़ने में सफलता मिली है। आरोपी के पास से न केवल चोरी की बाइक, बल्कि एक धारदार चाकू और अलग-अलग वाहनों की 14 मास्टर चाबियां भी बरामद हुई हैं, जो किसी बड़े गिरोह की ओर इशारा कर रही हैं।
रास्ता पूछने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पीड़ित गेवरा खदान में काम खत्म कर दोपहर करीब 3:30 बजे अपने दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था। देवरी रोड पर तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास वह पेशाब करने के लिए रुका। इस दौरान वह जल्दबाजी में बाइक की चाबी निकालना भूल गया। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बांकीमोंगरा का रास्ता पूछने लगे। जैसे ही पीड़ित थोड़ा आगे बढ़ा, एक आरोपी उसकी बाइक चालू कर तेजी से फरार हो गया।
चाचा और ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोचा
पीड़ित ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए चांदनी चौक पर रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। जब आरोपी चोरी की बाइक लेकर चांदनी चौक पहुंचा, तो चाचा ने उसे रोकने की कोशिश की। हड़बड़ाहट में चोर ने एक युवती को टक्कर मार दी और भागने लगा। इसके बाद ग्रामीणों और पीड़ित के चाचा ने उसका पीछा जारी रखा और अंततः शुक्लाखार के पास उसे घेरकर पकड़ लिया।
बड़ी बरामदगी और फरार साथियों की तलाश
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से एक धारदार चाकू और 14 चाबियां मिलीं। घटना के दौरान आरोपी के दो अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और लावारिस छोड़े गए वाहनों के प्रति सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर रेखांकित किया है।












