इश्क, खून और सरेंडर: महासमुंद में आधी रात को घर पहुंचे प्रेमी की हत्या, दो भाई गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
इश्क, खून और सरेंडर: महासमुंद में आधी रात को घर पहुंचे प्रेमी की हत्या, दो भाई गिरफ्तार।
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला अंतर्गत सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोसरंगी में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी पति ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी को लाठी और ईंटों से पीट-पीटकर मार डाला। हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद मुख्य आरोपी ने स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है।
रंगे हाथों पकड़े जाने पर हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसरंगी निवासी नकुल साहू (33) को अपनी पत्नी और गांव के ही वाकेश साहू (27) के बीच प्रेम प्रसंग का संदेह था। मंगलवार, 3 फरवरी की रात वाकेश टहलने के बहाने नकुल के घर पहुंचा था, जहां नकुल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया।
सिर पर ईंट से किए ताबड़तोड़ वार
विवाद बढ़ने पर नकुल का छोटा भाई निर्मल साहू (19) भी मौके पर पहुंच गया। गुस्से में आकर दोनों भाइयों ने वाकेश पर लाठी और ईंटों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वाकेश की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह युवक का शव घर के बाहर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।















