दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रहे दो रिश्तेदारों को हाईवा ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत; 4 महीने पहले हुई थी मृतक की शादी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रहे दो रिश्तेदारों को हाईवा ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत; 4 महीने पहले हुई थी मृतक की शादी
भिलाई/दुर्ग:छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचपेड़ी गांव के पास बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार कैप्सूल हाईवा ने मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों (जो आपस में रिश्तेदार थे) को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से एक युवक की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी।
दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बोरसी हनोदा निवासी देवराज यादव (27 वर्ष) अपने फूफा लोकेश यादव (40 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। देवराज अपने ससुराल में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था। शुक्रवार शाम जब वे पचपेड़ी गांव के पास पहुंचे, तभी पाटन की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने वाहन किया जब्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। बाइक गिरने के बाद पीछे से आ रहे हाईवा के पहियों ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया है।
परिवार में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। देवराज की चार महीने पहले हुई शादी की खुशियां इस हादसे के बाद मातम में बदल गई हैं।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अज्ञात हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे पचपेड़ी और हनोदा क्षेत्र में शोक की लहर है।











