सरायपाली एसडीएम की बड़ी कार्रवाई; दो राइस मिलों से 27,200 बोरी अवैध धान जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
महासमुंद: सरायपाली एसडीएम की बड़ी कार्रवाई; दो राइस मिलों से 27,200 बोरी अवैध धान जब्त
महासमुंद। जिले के सरायपाली में प्रशासन ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो प्रमुख औद्योगिक संस्थानों— समलेश्वरी इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान एग्रोटेक पर छापा मारा।
निरीक्षण के दौरान टीम ने जब स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया, तो भारी विसंगतियां और धान के भंडारण में बड़ी कमी पाई गई। यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के नियमों के उल्लंघन के चलते की गई है। प्रशासन ने मौके से कुल 27,200 बोरी धान जब्त किया है।
सतत निगरानी की चेतावनी
एसडीएम अनुपमा आनंद ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध धान के परिवहन, भंडारण और व्यापार पर प्रशासन की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि मंडी नियमों की अनदेखी करने वाले व्यापारियों को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जब्त धान को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है










