बालोद जिले के दल्ली राजहरा नगर पहुंचे हाथी, घोड़ा मंदिर के पास सीसीटीवी में आए नजर –
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
,**************************************
बालोद में हाथियो के आने से दहशत फैल गई है. हाथी लगातार एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र विचरण कर रहे हैं.
बालोद: दल्ली राजहरा घोड़ा मंदिर के पास सीसीटीवी में आज तड़के सुबह दो दंतैल हाथी कैद हुए. 30 अप्रैल को ये हाथी बालोद के गुरूर में थे. वहां हाथियों ने घुसते ही काफी तबाही मचाई. हाथियों ने किसानों की खड़ी फसल रौंद दी. जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ.
गुरुर से दल्ली राजहरा का सफर लगभग 50 से 60 किलोमीटर है. यानी दो दिन में हाथियों ने पैदल चलकर इतनी दूरी का सफर तय किया. आज सुबह हाथी दल्ली राजहरा पहुंचे. घोड़ा मंदिर के पास लगे सीसीटीवी में दो दंतैल हाथी नजर आए. सीसीटीवी में कुछ लोग भी नजर आए, जो कहीं जा रहे थे लेकिन हाथियों को देखते ही अपनी जान बचाकर भागते नजर आए.
बालोद वन विभाग अलर्ट:हाथियों के दल्ली राजहरा में इंट्री से यहां वन विभाग का अमला अलर्ट हो गया है. हाथियों पर नजर रखी जा रही है. पूरे क्षेत्र में मुनादी कर हाथियों के बारे में गांव वालों को बताया जा रहा है. शाम होने के बाद घरों से नहीं निकलने की अपील वन विभाग ने की है. वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक हाथी धमतरी जिले से बालोद की वन सीमा में घुसे हैं. दो दंतैल हाथियों की उपस्थिति को देखते हुए वन विभाग ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है.
बालोद के इन गांवों में अलर्ट:हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने बिच्छिबहरा, खैरडिगी धानापूरी, ओडेनाडीही, चूल्हापथरा, करियाटोला, हितेकसा, नगझर, मगचूवा, कोसमी, नाहंदा गोटाटोला, नागबेल, मरकाटोला नारागांव सहित दर्जनों गांव में अलर्ट घोषित कर दिया है. इन सभी गांवों के लोग दहशत में है.





