कश्मीर के आतंकी हमले में रायपुर के एक व्यापारी की मौत, जानिए कौन थे और कहां रहते थे?
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार
रायपुर।जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में राजधानी रायपुर के एक व्यापारी की भी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर की समता कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी दिनेश मिरानिया को इस आतंकी हमले में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दिनेश अपनी शादी की सालगिरह पर पत्नी और दो बच्चों के साथ कश्मीर घूमने गए थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीरानिया की दुखद हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कायर आतंकवादियों द्वारा किया गया क्रूर और अमानवीय कृत्य अत्यंत निंदनीय है। मिरानिया की मौत की खबर आने के बाद कलेक्टर, एसपी सहित आला अधिकारी उनके घर मिरानिया निवास पहुंचे।

इस दुखद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री साय ने लिखा, ‘पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में रायपुर के श्री दिनेश मिरानिया जी के निधन की भी दुःखद खबर है। दुःख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। अधिकारियों को हर संभव सहयोग करने के निर्देश दिये गये हैं। आतंकियों द्वारा किए गए इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, कम है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!’
दिनेश अपनी पत्नी नेहा और दो बच्चों शौर्य व लक्षिता के साथ पहलगाम घुमने गए हुए थे।
बता दें कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम के निकट मंगलवार को एक आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि हमला बैसरन मैदानी क्षेत्र में हुआ, जिसे मिनी स्विटजरलैंड भी कहा जाता है।
पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन चीड़ के पेड़ों के घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है तथा देश व दुनिया के पर्यटकों के बीच पसंदीदा स्थान है।
अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादी ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ में घुस आए और भोजनालयों के आसपास घूम रहे, खच्चर की सवारी कर रहे, पिकनिक मना रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी।





