उत्‍तराखंड डेरा प्रमुख तरसेम सिंह की गुरुद्वारे में हत्‍या, गोली मारकर भागे बाइक सवार हमलावर

 उत्‍तराखंड डेरा प्रमुख तरसेम सिंह की गुरुद्वारे में हत्‍या, गोली मारकर भागे बाइक सवार हमलावर

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

ऊधम सिंह नगर में गुरुवार सुबह कार सेवा डेरा प्रमुख नानकमत्‍ता बाबा तरसेम सिंह पर फायरिंग कर हमलावर फरार हो गए। तरसेम सिंह को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया जहां उनको डॉक्‍टर बचा नहीं सके।

देहरादून: उत्‍तराखंड के ऊधम सिंह नगर में गुरुवार सुबह बड़ी घटना हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो हमलावरों ने नानकमाता कस्‍बे में कार सेवा डेरा प्रमुख नानकमत्‍ता बाबा तरसेम सिंह को गोली मार दी। डेरा प्रमुख को तत्‍काल अस्‍पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। फायरिंग के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। अस्‍पताल के बाहर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक हमलावरों की शिनाख्‍त नहीं हो पाई है। हमले की वजह भी नहीं पता चल पाई है। इस घटना की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। पुलिस जल्‍द हमलावरों तक पहुंच जाएगी। हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी के पहुंचने की भी संभावना है।

सीसीटीवी में नजर आए हमलावर

पेट और गर्दन पर लगी दो गोली
बाबा तरसेम सिंह सुबह 6:30 बजे के लगभग रोजाना की तरह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद लंगर हॉल के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो पगड़ीधारियों ने बाबा को गोली मार दी और भाग निकले। बाबा तरसेम सिंह को पेट और गर्दन पर दो गोली लगी है। डेरे में मौजूद सेवकों ने उनको तत्काल खटीमा अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी मौत हो गई।

एसटीएफ के साथ कई पुलिस टीमें तैनात
डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) एपी अंशुमान ने बताया कि बाबा तरसेम सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए एसटीएफ के साथ कई पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। पुलिस मुख्यालय भी हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन करेगा। वहीं डेरा प्रमुख की हत्या की खबर सुनते ही अस्पताल और डेरे के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। बाबा की हत्या से तराई क्षेत्र में तनाव फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।