पार्टनर ने बिना जानकारी बेच दी बस, अपराध दर्ज
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
बस को इंदौर में मोडिफाइड कराया गया। इसमें भी करीब 10 लाख रुपये का खर्च आया।
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में रहने वाले युवक ने अपने परिचित के साथ मिलकर पार्टनरशिप में दो बसें खरीदी। एक साल बाद ही पार्टनर ने दोनों बसों को बेच दिया। इसकी भनक दूसरे पार्टनर को नहीं लगी। बाद में मामला खुल जाने पर पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। सरकंडा के रामाग्रीन सिटी में रहने वाले शशांक सिंह ने अमानत में खयानत करने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के दीपका में रहने वाले मुकेश मिश्रा से उनकी जान-पहचान थी।
दोनों ने दो ट्रेवलर बस खरीदने पार्टनरशिप की थी। इसमें शशांक का हिस्सा 70 और मुकेश का हिस्सा 30 प्रतिशत था। बस को मुकेश के नाम पर फाइनेंस कराया गया। इसके बाद बस को इंदौर में मोडिफाइड कराया गया। इसमें भी करीब 10 लाख रुपये का खर्च आया। इसका खर्च नकद में शशांक ने ही वहन किया। बाद में मुकेश की नीयत बदल गई। उसने एक बस को चंद्रशेखर अईगर और एक बस को हरिश गनपत राव नायडू के पास बेच दिया। इसकी भनक तक शशांक को नहीं लगी। बाद में मामले की जानकारी होने पर उन्होंने सरकंडा थाने में शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।





