छत्तीसगढ़ में दक्षिण से आएगी नम हवा, एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार, जानिए मौसम का ताजा अपडेट
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
रायपुर- एक बार फिर मौसम करवट बदलता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से दक्षिण से नमीयुक्त गर्म हवा का आगमन होने की संभावना बन रही है। इसकी वजह से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक फरवरी को बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त गर्म हवा का आगमन होने के संकेत हैं। इसकी वजह से गुरुवार को भी हल्की वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। यानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। बुधवार को राजधानी का मौसम आंशिक मेघमय रहने के आसार हैं और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क और साफ रहा। सर्वाधिक तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
यह बन रहा सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 62 डिग्री पूर्व में तथा 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसकी वजह से दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवा का आगमन प्रारंभ होने की संभावना है। एक फरवरी को भी नमी युक्त गर्म हवा का आगमन जारी रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान औसत से छह डिग्री ज्यादा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान औसत से अधिक चल रहा है, जो सर्वाधिक छह डिग्री ज्यादा राजनांदगांव में रहा। पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में यह तीन डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में दो डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर, बिलासपुर और माना में यह एक-एक डिग्री ज्यादा रहा।
न्यूनतम तापमान भी औसत से तीन डिग्री ज्यादा
अधिकतम तापमान के अलावा न्यूनतम तापमान भी औसत से ज्यादा चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार यह राजनांदगांव में तीन डिग्री ज्यादा, पेंड्रा रोड में दो डिग्री, जगदलपुर, बिलासपुर व रायपुर में एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सिर्फ दुर्ग एक मात्र ऐसा शहर है, जहां न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री कम है।





