गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद एमबीए के छात्र ने ट्रेन से कटकर दी जान, आत्महत्या के पहले वीडियो बनाकर माता-पिता से माफी मांगी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
भिलाई- आजाद चौक कैंप-एक निवासी एक युवक ने मंगलवार को ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। युवक एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसका गर्लफ्रेंड से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह तनाव में था। मंगलवार की सुबह वह घर से निकला और तीनदर्शन मंदिर के सामने रेलवे ट्रैक पहुंचा। वहां से उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात कही। साथ ही उसने मौत के लिए अपनी प्रेमिका से हुए विवाद को कारण बताया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान आजाद मोहल्ला कैंप-एक निवासी गौरव राय (22) के रूप में की गई है। वह श्री शंकराचार्य कालेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। उसका सेक्टर-एक में रहने वाली एक युवती से चार साल से प्रेम प्रसंग है। वह युवती भी उसी के साथ एमबीए कर रही है। गौरव को पता चला था कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी और युवक से भी बात करती है, जिसे लेकर उनके बीच में विवाद हुआ था।
इस विवाद की जानकारी युवती के परिवार वालों को पता चल गई थी। इसके बाद से उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इस बात को लेकर वह तनाव में रहने लगा था। मंगलवार की सुबह वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा। वहां पर उसने एक वीडियो बनाया और अपने दोस्तों व परिवार वालों को भेजा। इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता सुरेश कुमार राय भूतपूर्व सैनिक हैं। छावनी पुलिस ने प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की है।





