अंबिकापुर: गांजा रेड के दौरान फिल्मी ड्रामा, पुलिस की बोलेरो लेकर भागा बदमाश; DSP का मोबाइल बना ‘काल’
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
अंबिकापुर: गांजा रेड के दौरान फिल्मी ड्रामा, पुलिस की बोलेरो लेकर भागा बदमाश; DSP का मोबाइल बना ‘काल’
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सोमवार शाम एक ऐसी घटना घटी जिसने पुलिस महकमे को हैरत में डाल दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सत्तीपारा में गांजा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम की आंखों के सामने से एक शातिर बदमाश उनकी सरकारी बोलेरो लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और प्रशिक्षु डीएसपी के गाड़ी में छूटे मोबाइल ने चंद घंटों में ही खेल पलट दिया।
छत से कूदा और पुलिस की गाड़ी लेकर रफूचक्कर
जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे की टीम सोमवार शाम सत्तीपारा में गांजा तस्कर गोपाल नामदेव के ठिकाने पर दबिश देने पहुंची थी। पुलिस टीम जब घर के अंदर कार्रवाई कर रही थी, तभी गोपाल का जीजा मुकेश नामदेव बचने के लिए छत से सीधे सड़क पर कूद गया। सड़क पर पुलिस की बोलेरो खड़ी थी और इत्तेफाक से चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई थी। मौके का फायदा उठाकर मुकेश बोलेरो स्टार्ट कर वहां से नौ-दो ग्यारह हो गया।
DSP का मोबाइल और ‘लोकेशन’ ने पकड़ाया
अचानक सरकारी गाड़ी चोरी होने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे अपना मोबाइल बोलेरो में ही भूल गए थे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मोबाइल को ट्रेस करना शुरू किया। डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से पुलिस को लोकेशन राम मंदिर के पास मिली।
पुलिस की टीम तत्काल राम मंदिर रोड पहुंची, जहां घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर बोलेरो खड़ी मिल गई। घेराबंदी कर शातिर मुकेश नामदेव को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से गाड़ी की चाबी भी बरामद हुई है।
अधिकारी का बयान
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि आरोपी मुकेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया और सरकारी वाहन सुरक्षित बरामद कर लिया गया।





