बालोद: शादी की खुशियां मातम में बदलते टलीं, बीच सड़क धू-धू कर जली बारातियों से भरी बस

 बालोद: शादी की खुशियां मातम में बदलते टलीं, बीच सड़क धू-धू कर जली बारातियों से भरी बस

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

बालोद: शादी की खुशियां मातम में बदलते टलीं, बीच सड़क धू-धू कर जली बारातियों से भरी बस

धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा; ड्राइवर की सूझबूझ से बची 60 बारातियों की जान, खिड़कियों से कूदकर भागे लोग

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कांकेर के चारामा से बारातियों को लेकर डौंडीलोहारा लौट रही एक निजी बस धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि समय रहते ड्राइवर ने खतरे को भांप लिया और सभी 50-60 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

आधी रात को मची चीख-पुकार

घटना रात करीब 12 बजे पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा के पास की है। शर्मा ट्रेवल्स की 52 सीटर बस (CG 07 E 1171) बारातियों को लेकर ग्राम अरौद से बड़गांव जा रही थी। जगतरा टोल प्लाजा पार करते ही बस के गियर बॉक्स के पास से घना धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं पूरी बस में भर गया, जिससे सो रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शी बाराती अमन पटेल ने बताया कि धुआं फैलते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग दरवाजों के साथ-साथ खिड़कियों से भी कूदने लगे। कुछ यात्री गहरी नींद में थे, जिन्हें अन्य साथियों ने समय रहते जगाकर बाहर निकाला। महज 5 मिनट के भीतर पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। यात्रियों का सामान, कपड़े और मोबाइल फोन बस के साथ ही जलकर खाक हो गए।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धमतरी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुकी थी। रात करीब 2 बजे पुलिस ने दूसरी बस का इंतजाम कर बारातियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी (मैकेनिकल फेलियर) बताया जा रहा है। पुरूर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।